राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित 53वीं मण्डल स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 27 व 28 नवम्बर को
53rd Divisional Level Children's Science Exhibition organized by State Science Education Institute, Uttar Pradesh Prayagraj on 27th and 28th November
Sun, 9 Nov 2025
लखनऊ। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित 53वीं मण्डल स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025 का आयोजन आगामी 27 व 28 नवम्बर को लखनऊ में किया जाएगा। संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक, लखनऊ मण्डल के अनुसार राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज (निकट सिटी स्टेशन, लखनऊ) को इस प्रदर्शनी का आधिकारिक स्थल घोषित किया गया है।
इस प्रदर्शनी में लखनऊ मण्डल के छह जनपद — हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ — की जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी से चयनित छात्र-छात्राओं के मॉडल्स प्रदर्शित किए जाएंगे। इनके साथ विषय आधारित शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा तैयार टी.एल.एम. (Teaching Learning Material) भी प्रदर्शित होगा।
डॉ0 दिनेश कुमार (मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी) ने बताया कि प्रतिभागियों द्वारा केवल निर्धारित सात उप-विषयों के अंतर्गत स्थिर एवं क्रियाशील दोनों प्रकार के मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। मूल्यांकन हेतु अनुभवी निर्णायकों की समिति बनाई गई है। वहीं मण्डल स्तर पर चयनित विद्यार्थी व शिक्षक-शिक्षिकाएं आगामी राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में लखनऊ मण्डल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य विषय एवं उप विषय
इस वर्ष की प्रदर्शनी का मुख्य थीम है — “विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के STEM (Stem of Viksit and Atmanirbhar Bharat)”।
इसके अंतर्गत 7 उप-थीम निर्धारित किए गए हैं—
1. चिरस्थाई कृषि (Sustainable Agriculture)
2. कचरा प्रबंधन व प्लास्टिक के विकल्प (Waste Management & Alternatives to Plastics)
3. हरित ऊर्जा (Green Energy)
4. उभरती प्रौद्योगिकियां (Emerging Technologies)
5. मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग (Recreational Mathematical Modelling)
6. स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (Health & Hygiene)
7. जल संरक्षण एवं प्रबंधन (Water Conservation & Management)
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ0 प्रदीप कुमार सिंह ने मण्डल के सभी DIOS को निर्देशित किया है कि जिला स्तरीय चयन परिणाम 15 नवम्बर 2025 तक राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज, लखनऊ के आधिकारिक ईमेल पर प्रेषित कर दिए जाएं।
राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ0 आशुतोष कुमार सिंह को आयोजन की तैयारियां समय से पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
