केकेसी में 54वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का शुभारंभ, कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने किया उद्घाटन
लखनऊ। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय (केकेसी), लखनऊ में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को 54वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. राजकुमार मित्तल, कुलपति, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ ने किया।
इस अवसर पर प्रो. राजकुमार मित्तल ने छात्र-छात्राओं को खेलकूद और शारीरिक अभ्यास को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तित्व विकास के लिए पंचकोश के सिद्धांतों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खानपान, आचार-विचार, अध्ययन और आसपास का वातावरण व्यक्ति की जीवनशैली को प्रभावित करते हैं, इसलिए इन सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। खेलकूद के बिना व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास संभव नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़ना चाहिए। उन्होंने एथलेटिक मीट में प्रतिभाग कर रहे सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व ओलंपियन एवं केकेसी के पूर्व छात्र सुजीत कुमार ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अपनी क्षमताओं का निरंतर विकास करना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। महाविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड की संयोजक प्रो. मधु गौड़ ने उद्घाटन अवसर पर दो दिनों तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं, स्पोर्ट्स बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. राजीव मिश्रा ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
