गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती मंगोलपुरी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई

Guru Ravidas Ji's 649th birth anniversary was celebrated with reverence in Mangolpuri.
 
गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती मंगोलपुरी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई

नई दिल्ली। श्री गुरु रविदास मंदिर, के ब्लॉक मंगोलपुरी में गुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य सत्संग एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगत में भारी उत्साह देखने को मिला और देर रात तक मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया।

गुरु जी की पालकी एवं अमृतवाणी पालकी को ताजे फूलों से सुसज्जित किया गया। मंदिर हाल को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं सुंदर गलीचों से सजाकर भक्तिमय वातावरण तैयार किया गया। प्रातः 7:00 बजे अमृत बाणी का पाठ आरंभ हुआ, जो 10:00 बजे भोग के साथ सम्पन्न हुआ।

श्रद्धालुओं के लिए पकौड़े एवं चाय का नाश्ता तैयार किया गया। प्रातः 10:30 बजे से कीर्तन का शुभारंभ हुआ, जिसमें भाई अवतार भाटिया, बीबी आलोचना, बीबी प्रेमा रंगा और रेणु ने गुरु जी के भजनों से संगत को भावविभोर कर दिया। इसके उपरांत मोहन गार्डन की कीर्तन पार्टी ‘बेटी हरमन एंड चेतस दरभंगा’ ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत किया।

स्वामी वीर सिंह हितकारी महाराज (रंगपुर, बुलंदशहर) ने लगभग एक घंटे तक गुरु वाणी का गायन कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। अंत में कर्मा जी (गिलपट्टी, बठिंडा, पंजाब) ने अपने साथियों सहित गुरु जी के भजनों का गायन किया।

मंदिर प्रबंधक समिति के प्रधान एफ.सी. मल्ल तथा वरिष्ठ उपप्रधान एम.आर. बाली ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं विभिन्न मंदिरों से आए प्रधानों को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन आरती एवं अरदास के साथ हुआ, जिसके उपरांत गुरु का लंगर वितरित किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

Tags