SKD Group of Education में 77वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया, “10,000 छात्र मतदाता जागरूकता अभियान” का ऐतिहासिक शुभारंभ
लखनऊ | 26 जनवरी 2026 SKD Group of Education की सभी शाखाओं में 77वां गणतंत्र दिवस राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में भव्य रूप से मनाया गया। यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित न रहकर राष्ट्रनिर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश बना।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री मनीष सिंह ने प्रेरणादायी मुख्य संबोधन में कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूर्ण होता है जब उसमें राष्ट्रवाद, संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व का समावेश हो। उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को राष्ट्रीय एकता की आधारशिला बताते हुए कहा कि सशक्त लोकतंत्र ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।
मतदाता जागरूकता पर विशेष जोर
निदेशक श्री सिंह ने आगामी चुनावों के संदर्भ में नागरिकों से SIR (मतदाता) सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार अनगिनत बलिदानों के बाद प्राप्त हुआ है और इसका उपयोग करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।उन्होंने कहा, “मतदान से न केवल गणतंत्र मजबूत होता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित होता है।”
उन्होंने शहरी क्षेत्रों में बढ़ती उदासीनता पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षित नागरिकों से आगे आकर मतदाता सत्यापन पूरा करने और मतदान केंद्रों पर सकारात्मक नेतृत्व प्रस्तुत करने का आह्वान किया। साथ ही, कक्षा 12 के विद्यार्थियों—जो भविष्य के मतदाता हैं—से आग्रह किया कि वे स्वयं को भारत की अब तक की सबसे जागरूक और जिम्मेदार मतदाता पीढ़ी के रूप में तैयार करें।
विकसित भारत की दिशा में नागरिक भूमिका
देश की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत आज एयरोस्पेस, रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में वैश्विक पहचान बना चुका है। ब्रह्मोस और आकाश जैसी स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की आत्मनिर्भरता और सामरिक शक्ति को रेखांकित किया।उन्होंने कहा कि देश की विशाल युवा शक्ति ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक नागरिक को नवाचार तथा लोकतांत्रिक सहभागिता के माध्यम से योगदान देना चाहिए।
“10,000 छात्र – मतदाता जागरूकता अभियान” का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान SKD Group of Education ने एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। इसके अंतर्गत संस्थान ने 10,000 छात्रों को “लोकतंत्र दूत” के रूप में तैयार करने का संकल्प लिया है, जो अपने अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करना है।इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाने वाले छात्रों को संस्थान द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि उनमें आजीवन नागरिक कर्तव्य की भावना विकसित हो सके।
नारी शक्ति और नेतृत्व की सराहना
निदेशक महोदय ने रक्षा सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में भारत का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य नेतृत्व के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास के लिए समर्पित जनप्रतिनिधियों, विशेष रूप से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
