स्वच्छता और सुरक्षा के संकल्प के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
लखनऊ। भरवारा स्थित 345 एमएलडी एसटीपी परिसर में सुएज इंडिया की ओर से 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में सुएज इंडिया के 600 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने ध्वजारोहण कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा देती है।
सुरक्षित कार्यप्रणाली और बेहतर नागरिक सेवा पर जोर
समारोह में परियोजना निदेशक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य करने तथा लखनऊ को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाते हुए नागरिकों को बेहतर सीवर सेवाएं उपलब्ध कराना और शहर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने के साथ-साथ अपनी सेवाओं के माध्यम से शहर के नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशहित, कार्यस्थल सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल रहा।
