पीएनबी अंचल कार्यालय लखनऊ में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

The 80th Independence Day was celebrated with great enthusiasm at the PNB Zonal Office, Lucknow.
 
पीएनबी अंचल कार्यालय लखनऊ में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

लखनऊ, 15 अगस्त 2026। पंजाब नेशनल बैंक के अंचल कार्यालय परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में बैंक के उप अंचल प्रबंधक श्री सैय्यद अतहर हुसैन काजमी एवं श्री विराज डोगरा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।

इस अवसर पर श्री काजमी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने देश पर गर्व होना चाहिए। भारत को और अधिक मजबूत एवं विकसित बनाने के लिए सभी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बैंक की प्रगति में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सुरक्षा एवं सफाई कर्मियों के योगदान की भी सराहना की।

श्री विराज डोगरा ने अपने संबोधन में कहा कि बैंकिंग क्षेत्र भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, महिला सशक्तीकरण, एमएसएमई क्षेत्र तथा किसानों को ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराकर बैंक देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से ग्राहक सेवा को और बेहतर बनाने तथा बैंकिंग नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय बैंकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में अंचल के सहायक महाप्रबंधक श्री मनीष जैन ने सभी स्टाफ सदस्यों एवं सुरक्षा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बैंक कर्मचारियों के बच्चों के लिए पर्यावरण संरक्षण विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसके साथ ही बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों के माध्यम से समारोह में राष्ट्रप्रेम का उत्साह भर दिया।कार्यक्रम में लखनऊ अंचल के वरिष्ठ अधिकारी, बैंक के अन्य कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी तथा पूर्व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर रहा।

Tags