51 साल की शादी तलाक की दहलीज तक पहुंची, पुलिस की काउंसिलिंग से सुलझा बुजुर्ग दंपति का विवाद
बताया गया कि महिला की उम्र करीब 70 वर्ष, जबकि उनके पति की उम्र 75 वर्ष है। दंपति के चार बेटे हैं। इनमें दो बेटे वकील और दो दुकानदार हैं। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते दो बेटों ने अपनी मां और दो बेटों ने अपने पिता को अपने साथ रख लिया। इसके बाद धीरे-धीरे पति-पत्नी के बीच दूरी बढ़ती गई और दोनों की बातचीत तक बंद हो गई।
कुछ दिन पहले पति अपनी वृद्ध पत्नी को अपने साथ ले आए। इसी दौरान पत्नी की तबीयत खराब हो गई और उन्होंने दवाई के लिए पति से पैसे मांगे। आरोप है कि पति ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
पुलिस ने बुजुर्ग दंपति को बुलाकर मामले की काउंसिलिंग की। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों की समस्याओं को समझने का प्रयास किया गया। काउंसिलिंग के बाद पति ने पत्नी को प्रत्येक महीने 5 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस ने पति से पत्नी को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का भरोसा लिया।
पुलिस की इस पहल के बाद 51 वर्ष पुराने वैवाहिक रिश्ते को टूटने से बचाने की दिशा में समझौता कराया गया। मामले में काउंसिलिंग के जरिए दंपति के बीच संवाद बहाल करने और पारिवारिक विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया गया।
