पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुआ विवाद बना जानलेवा, मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

A dispute over tethering a buffalo on ancestral land turned fatal; a woman injured in the ensuing altercation died while undergoing treatment.
 
पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुआ विवाद बना जानलेवा, मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के नगर पंचायत रतसर कला की राजभर बस्ती में पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार की रात महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान वार्ड नंबर-4, राजभर बस्ती पूर्वी मुहल्ला निवासी निराशा देवी (40 वर्ष), पत्नी हरेन्द्र राजभर के रूप में हुई है। वह अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं।

पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, रतसर कला निवासी हीरालाल राजभर ने गुरुवार को गड़वार थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की शाम उनकी पत्नी आशा देवी अपनी पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

आशा देवी को बचाने के लिए हरेन्द्र राजभर की पत्नी निराशा देवी भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार की रात उनकी मौत हो गई।

तीन नामजद आरोपित हिरासत में

तहरीर के आधार पर गड़वार थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। घटना में महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और कार्रवाई तेज कर दी है।

क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों से बातचीत की। इस मामले में अब तक तीन नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Tags