उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव एक्सपो-2026 2.0 का 1 दिसंबर से होगा भव्य आयोजन, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य करेंगे उद्घाटन
10 दिसंबर तक चलेगा दस दिवसीय एक्सपो, IFFCO और NAFED सहित विभिन्न सहकारी संस्थाएं करेंगी सहभागिता; ग्रामीण उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार मंच
लखनऊ, 28 नवंबर। उत्तर प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग की ओर से 1 से 10 दिसंबर 2026 तक दस दिवसीय 'उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव एक्सपो-2026 2.0' का आयोजन किया जाएगा। गोमती नगर स्थित बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में आयोजित होने वाले इस एक्सपो का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित इस एक्सपो का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाना, किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करना है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस संबंध में शनिवार को उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने एक्सपो की विस्तृत रूपरेखा और आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों से समृद्धि, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण हासिल करने का प्रभावी आधार है। एक्सपो के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत किसानों, उत्पादकों और शिल्पकारों को सीधे शहरी उपभोक्ताओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्हें अपने उत्पादों, सेवाओं और नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए राज्यस्तरीय मंच भी उपलब्ध होगा।
IFFCO और NAFED सहित कई संस्थाएं करेंगी सहभागिता
मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने बताया कि एक्सपो में इफको (IFFCO) और नैफेड (NAFED) सहित खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, माटीकला, डेयरी, मत्स्य पालन, हथकरघा, हस्तशिल्प, कृषि आधारित उत्पादों और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सहकारी संस्थाएं एवं संगठन भाग लेंगे।
प्रदेश के विभिन्न जनपदों की सहकारी समितियां, सहकारी संघ, किसान उत्पादक समूह, दुग्ध उत्पादक, मत्स्य पालक, कारीगर, महिला स्वयं सहायता समूह और लघु उद्यमी अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे।
ODOP और ODOC के उत्पाद होंगे विशेष आकर्षण
एक्सपो में 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ODOP) और 'एक जनपद-एक व्यंजन' (ODOC) योजनाओं से जुड़े स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इसके अलावा खादी, ग्रामोद्योग, हस्तशिल्प, हथकरघा, माटीकला, डेयरी, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा।
एक्सपो में सहकारी साहित्य भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके तहत सहकारी संस्थाओं, सहकारिता आंदोलन और सरकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तकें, पत्रिकाएं एवं लेख उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य समाज में सहयोग, एकता, समानता, भाईचारे और सामूहिक विकास की भावना को बढ़ावा देना है।
ग्रामीण उत्पादकों को मिलेगा बाजार और व्यावसायिक संपर्क
मंत्री ने कहा कि एक्सपो के माध्यम से सहकारी संस्थाओं और स्थानीय उत्पादकों को सीधे उपभोक्ताओं, व्यापारियों तथा संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और युवाओं को सहकारिता के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रामीण उद्योगों में सहकारी संस्थाओं की भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय बढ़ाने के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलेगी।
प्रतिदिन शाम 6 बजे से होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
व्यावसायिक गतिविधियों के साथ एक्सपो में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोककला, संस्कृति और परंपराओं को मंच प्रदान करेंगे।
सहकारिता से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का लक्ष्य
सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव एक्सपो-2026 2.0 प्रदेश की सहकारी शक्ति, स्थानीय उत्पादों की विविधता और उद्यमशीलता की संभावनाओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करेगा। सरकार का उद्देश्य सहकारिता को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बनाना है।उन्होंने प्रदेश के सहकारी संगठनों, उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों, कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और आम नागरिकों से दस दिवसीय एक्सपो में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, सहकारी संस्थाओं को प्रोत्साहित करने और किसानों एवं उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का संदेश स्पष्ट है— "सहकार से समृद्धि, सहभागिता से सशक्तिकरण और सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश।"
