जय नारायण मिश्र महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय का भव्य स्वागत
लखनऊ। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय के स्वागत में महाविद्यालय शिक्षक संघ की ओर से समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. बलवंत सिंह एवं कार्यकारिणी के सदस्यों ने प्राचार्य का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में महाविद्यालय के नियमित और स्ववित्तपोषित शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प
समारोह में अपने संबोधन के दौरान प्राचार्य प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय ने स्वागत समारोह के आयोजन के लिए शिक्षक संघ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लगभग 110 वर्ष का गौरवशाली इतिहास रखने वाले प्रतिष्ठित महाविद्यालय का प्राचार्य बनने पर वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखने वाले इस संस्थान की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास होगा कि महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ उसके पुराने गौरव और वैभव को फिर से स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा, "स्वभाव से मैं भी एक शिक्षक हूं और प्राचार्य का पद मेरे लिए एक अतिरिक्त जिम्मेदारी है। मेरे कार्यालय के दरवाजे सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के लिए हमेशा खुले रहेंगे।

प्रो. पांडेय ने महाविद्यालय को आवश्यक संसाधनों से समृद्ध बनाने और शैक्षिक वातावरण को अधिक छात्रोन्मुख बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में महाविद्यालय को यूपी प्रमाण पोर्टल पर प्रथम स्थान दिलाना शामिल है। इस लक्ष्य को हासिल करने और संस्थान के समग्र विकास के लिए उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से सहयोग की अपेक्षा की।
शिक्षकों ने रखे सुझाव और अपेक्षाएं
महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक एवं विज्ञान संकाय प्रभारी प्रो. एस.पी. शुक्ला ने कहा कि संस्थान में सौहार्दपूर्ण वातावरण शिक्षकों को छात्रहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। कला संकाय प्रभारी प्रो. एस.सी. हजैला ने प्राचार्य से स्ववित्तपोषित शिक्षकों के वेतन में वृद्धि करने का आग्रह किया। वहीं, विधि संकाय प्रभारी एवं लुआक्टा अध्यक्ष प्रो. मनोज पांडेय ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए प्राचार्य को पूर्व की उपलब्धियों से आगे बढ़कर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

पूर्व प्राचार्य प्रो. विनोद चंद्रा ने प्रो. अखिलेश पांडेय को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. भारती पांडेय ने महाविद्यालय की समस्त महिला शिक्षकों की ओर से उनका स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नए प्राचार्य सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की आशाओं एवं अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

महाविद्यालय प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. एस.के. चौहान ने प्राचार्य का अभिनंदन करते हुए आश्वस्त किया कि उन्हें शिक्षकों और पूरी प्रॉक्टोरियल बोर्ड का सहयोग निरंतर मिलता रहेगा। डॉ. आर.पी. सिंह ने स्ववित्तपोषित शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को प्राचार्य के समक्ष रखा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. उमाशंकर सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने नए प्राचार्य के कार्यकाल में संस्थान के शैक्षणिक विकास और प्रगति की उम्मीद जताई।
