उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी पांच दिन तक घूमता रहा थाईलैंड, जेल में लगती रही फर्जी हाजिरी; अफीम तस्करी का भी आरोप
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वर्ष 2018 के चर्चित दुष्यंत हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा दीक्षांत कामरा कथित तौर पर जेल में बंद रहने के दौरान अक्टूबर 2025 में पांच दिनों तक थाईलैंड घूमता रहा। इस दौरान जेल के रिकॉर्ड में उसकी मौजूदगी दर्ज होती रही और उसकी फर्जी हाजिरी लगाई जाती रही।
महिला की शिकायत से खुला मामला
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब हाल ही में एक महिला ने पुलिस से शिकायत की। महिला ने आरोप लगाया कि दीक्षांत कामरा ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वह जेल में रहते हुए अफीम की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और एक कार को पकड़ा। तलाशी के दौरान कार से अफीम के साथ एक पासपोर्ट भी बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि पासपोर्ट दीक्षांत कामरा का है। इसी पासपोर्ट से उसकी थाईलैंड यात्रा से जुड़े तथ्य सामने आए।
जेल प्रहरी पर गिरी गाज
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दीक्षांत की जेल में मौजूदगी दिखाने के लिए फर्जी हाजिरी दर्ज की जा रही थी। इस मामले में कथित रूप से फर्जी हाजिरी लगाने वाले जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं।
जांच के घेरे में जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था
सबसे बड़ा सवाल यह है कि उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी आखिर जेल से बाहर कैसे निकला? वह बिना किसी रोकटोक के थाईलैंड कैसे पहुंचा और पांच दिन विदेश में रहने के बाद वापस जेल तक कैसे लौट आया? इस दौरान उसकी निगरानी और हाजिरी की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही और जेल के भीतर से लेकर विदेश यात्रा तक किस स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत हुई। मामले की जांच के बाद ही इस कथित फरारी और फर्जी हाजिरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।
