भक्ति, शक्ति और विनम्रता के अनोखे संगम: महाबली वीर हनुमान

Unique confluence of devotion, strength and humility: Mahabali Veer Hanuman
 
भक्ति, शक्ति और विनम्रता के अनोखे संगम: महाबली वीर हनुमान

(डॉ. राघवेंद्र शर्मा – विभूति फीचर्स)  हनुमान जी का चरित्र केवल एक पौराणिक कथा नहीं, बल्कि जीवन जीने की उस सर्वोच्च कला का दर्शन है, जहाँ शक्ति, भक्ति और विनम्रता का अद्भुत संगम दिखाई देता है। शास्त्रों में कलयुग के विषय में कहा गया है कि इस युग में केवल प्रभु का नाम ही वह आधार है, जिसके स्मरण मात्र से मनुष्य भवसागर को पार कर सकता है। इस सत्य को यदि किसी ने पूर्ण रूप से आत्मसात किया, तो वे स्वयं हनुमान जी हैं।

उन्होंने राम नाम के प्रताप को न केवल समझा, बल्कि उसे अपने अस्तित्व के रोम-रोम में बसा लिया। यही कारण है कि वे अजर-अमर हो गए। हनुमान जी का व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि महानता केवल बड़े कार्य करने में नहीं, बल्कि उन कार्यों के बाद मिलने वाले श्रेय का त्याग कर निरंतर सेवा-भाव में लीन रहने में है। उनका जीवन समर्पण की ऐसी अनुपम मिसाल है, जो हमें बुद्धि और विवेक के सही उपयोग का मार्ग दिखाता है।

जब हनुमान जी ने पहली बार भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को ऋष्यमूक पर्वत पर देखा, तब उन्होंने अपनी असाधारण बुद्धिमत्ता का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत आत्मसमर्पण नहीं किया, बल्कि साधु का वेश धारण कर पहले उन्हें परखा। वे यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि क्या ये वही पुरुषोत्तम हैं, जिनकी प्रतीक्षा संपूर्ण जगत कर रहा है।

fgjfg

लेकिन एक बार जब उन्हें विश्वास हो गया और उन्होंने श्रीराम को अपना स्वामी स्वीकार कर लिया, तब उनके मन में कभी कोई संशय नहीं रहा। यह ‘अनन्य भक्ति’ का वह स्तर है, जहाँ भक्त और भगवान के बीच तर्क की सभी दीवारें गिर जाती हैं और केवल अटूट विश्वास शेष रह जाता है। आज के समय में, जब हर ओर संदेह और स्वार्थ दिखाई देता है, तब हनुमान जी का यह समर्पण हमें सिखाता है कि यदि लक्ष्य महान हो और विश्वास गहरा, तो सफलता निश्चित होती है।

महान विजय और बड़े लक्ष्यों की प्राप्ति कभी अहंकार से नहीं होती। उसके लिए धैर्य, संयम और अपमान सहने की शक्ति चाहिए। हनुमान जी चाहते तो रावण की सभा में अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर क्षण भर में शत्रु का विनाश कर सकते थे। उनके पास ऐसी शक्ति थी, जो किसी भी बाधा को समाप्त कर सकती थी, किंतु उन्होंने प्रभु के कार्य की पूर्णता के लिए मेघनाद के प्रहार सहे, रावण के कटु वचन सुने और यहाँ तक कि लंकावासियों की लातें भी झेलीं।

ब्रह्मास्त्र के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए उन्होंने स्वयं को बंधनों में स्वीकार किया, जबकि वे उन बंधनों से मुक्त होने में पूरी तरह समर्थ थे। उनका यह आचरण हमें सिखाता है कि जब बात धर्म की रक्षा और बड़े उद्देश्य की हो, तब व्यक्ति को अपने मान-अपमान से ऊपर उठ जाना चाहिए। विनम्रता का अर्थ कमजोरी नहीं होता, बल्कि अपनी शक्ति पर ऐसा नियंत्रण होना है कि विपरीत परिस्थितियों में भी मन विचलित न हो।

हनुमान जी की निस्वार्थता का कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता। जो श्रीराम त्रिलोक के ऐश्वर्य को उपहार में देने की सामर्थ्य रखते थे, उनके द्वारा दी गई बहुमूल्य माला को हनुमान जी ने केवल इसलिए अस्वीकार कर दिया, क्योंकि उसमें उनके आराध्य ‘सीताराम’ का वास नहीं था। यह प्रसंग उनके इस भाव को प्रकट करता है कि संसार की सबसे मूल्यवान वस्तु भी उनके लिए निरर्थक है, यदि उसमें प्रभु की चेतना न हो।

उन्होंने सदैव सत्य और धर्म का साथ दिया। जब एक ओर बाली जैसा परम शक्तिशाली योद्धा था और दूसरी ओर सुग्रीव जैसा निर्बल मित्र, तब हनुमान जी ने शक्ति के बजाय सत्य और न्याय का पक्ष चुना। उनका वेग पवन के समान तीव्र था, लेकिन उनके व्यवहार में अद्भुत गंभीरता और ठहराव था।उनके पास इतना बल था कि वे तीनों लोकों को उठा सकते थे, फिर भी उनकी विनम्रता ऐसी थी कि वे स्वयं को सदैव प्रभु के चरणों का दास मानते रहे। वे साक्षात शिव के अंश थे, फिर भी उनकी एक ही धुन थी—

“राम काज कीन्हें बिनु मोहि कहाँ विश्राम।”

इसी निष्काम सेवा के परिणामस्वरूप माता जानकी ने उन्हें ‘अष्ट सिद्धि’ और ‘नवनिधि’ के दाता होने का वरदान दिया। माता ने उन्हें ‘अजर-अमर गुणनिधि सुत’ होने का आशीर्वाद दिया और स्वयं प्रभु श्रीराम ने घोषणा की कि जब तक इस पृथ्वी पर रामकथा का अस्तित्व रहेगा, तब तक हनुमान जी का अस्तित्व भी बना रहेगा।

हनुमान जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि यदि हम अपने भीतर के अहंकार का त्याग कर अपने कौशल और सामर्थ्य को किसी बड़े, सात्विक और लोकमंगलकारी उद्देश्य के लिए समर्पित कर दें, तो हम भी उस शांति और अमरता को प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी खोज में पूरी मानवता भटक रही है।

हनुमान जी का चरित्र यह सिद्ध करता है कि बल, बुद्धि और विद्या का वास्तविक मूल्य तभी है, जब उसके केंद्र में भक्ति और सेवा का भाव हो। अंततः उनकी भक्ति हमें यह सिखाती है कि जीवन का वास्तविक सुख पाने में नहीं, बल्कि स्वयं को खोकर परम तत्व को प्राप्त करने में है।

जब हम अपने कर्मों का फल प्रभु को अर्पित कर देते हैं, तब हम बंधनों से मुक्त होकर उस परम पद के अधिकारी बन जाते हैं, जहाँ केवल आनंद, संतोष और शांति का वास होता है। हनुमान जी का जीवन एक दैदीप्यमान शक्तिपुंज है, जो कलयुग के अंधकार में भटकते मानव को कर्म, संयम और अटूट विश्वास का मार्ग दिखाता है।

Tags