रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही महिलाओं की कार नाले में बही, ग्रामीणों ने बचाई जान

Car carrying women on their way to tie Rakhi to their brothers washed away into a drain; villagers saved their lives.
 
hioui

झांसी, 27 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। संसोर नाले में आई बाढ़ के तेज बहाव में एक कार बह गई, जिसमें रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाई को राखी बांधने जा रहीं दो महिलाएं और उनके छोटे बच्चे सवार थे। हादसे में सभी को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, झांसी में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण संसोर नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। सड़क पर करीब 5 से 6 फीट तक पानी का तेज बहाव था। स्थानीय लोगों ने कार चालक को पानी में वाहन नहीं उतारने की चेतावनी भी दी, लेकिन चालक ने इसके बावजूद कार को पानी में आगे बढ़ा दिया।

कुछ ही दूरी तय करने के बाद तेज बहाव के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पानी में बहने लगा। कार को बहता देख आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में सवार दोनों महिलाओं तथा मासूम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों की तत्परता के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, तेज बहाव में कार बह गई।

भारी बारिश के बीच बरतें सावधानी

झांसी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से लोगों को तेज बहाव वाले पानी में वाहन नहीं उतारने की सलाह दी जा रही है। रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे हैं। ऐसे में जलभराव वाले रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

Tags