हरियावां क्षेत्र में सांड के हमले से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
हरदोई। हरियावाँ थाना क्षेत्र के कुरसेली गांव में सोमवार सुबह एक आवारा सांड ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी थी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि करीब दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया था।
इसी घटना में गंभीर रूप से घायल बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के खेरिया गांव निवासी आदेश श्रीवास्तव (40 वर्ष) पुत्र स्व. लालजीत श्रीवास्तव की हालत नाजुक होने पर हरदोई से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां चिकित्सकों की टीम ने उनका जटिल ऑपरेशन भी किया, जिसमें परिजनों को भारी आर्थिक खर्च का सामना करना पड़ा।
किंतु गम्भीर चोटों के चलते आदेश ने 14 नवम्बर 2025 को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
आदेश श्रीवास्तव डीएससीएल शुगर मिल, हरियावां में कार्यरत थे तथा साथ ही कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के समय वे ड्यूटी से लौट रहे थे, तभी रास्ते में आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया।
मृतक अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार में उनकी वृद्ध मां, पत्नी नीतू, 11 वर्षीय शारीरिक रूप से कमजोर व दिव्यांग बेटी सोनम और 4 वर्षीय पुत्र अर्थ हैं। पति की असमय मृत्यु से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
15 नवंबर 2025 को खेरिया गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और पूरा माहौल ग़मगीन हो उठा।
