केकेसी में “अभिनन्दिनी” महिला दिवस सम्मान समारोह आयोजित
लखनऊ, 12 मार्च 2026। Shri Jai Narain Mishra Mahavidyalaya में गुरुवार को वाणिज्य संकाय के बीबीए-आईबी विभाग द्वारा “अभिनन्दिनी” महिला दिवस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संकाय की महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, साथ ही आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंजू आनंद तथा महाविद्यालय के प्राचार्य के के शुक्ला ने दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि प्रो. मंजू आनंद ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं को उत्साह और प्रेरणा से भरने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्तिकरण के साथ-साथ सम्मान और समानता की भी सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं में एक बड़ी शक्ति हैं और समाज में उनके योगदान को हमेशा सम्मान मिलना चाहिए।

प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ला ने वाणिज्य संकाय की महिला शिक्षिकाओं और प्रतिभागियों के पूरे वर्ष के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। वहीं वाणिज्य संकाय प्रभारी एस के चौहान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष महिला दिवस रविवार को पड़ने के कारण इसे 12 मार्च को आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति से बड़ी शक्ति संसार में कोई नहीं है, इसलिए नारी शक्ति का सदैव सम्मान किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच नृत्य, गायन, काव्य-पाठ और संभाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में रूचि दूबे ने प्रथम, अनामिका यादव और नित्या मिश्रा ने द्वितीय तथा कल्पना राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए उद्यमिता स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे, जहां छात्राओं ने अपने व्यवसायिक विचारों का प्रदर्शन करते हुए बिक्री भी की। कार्यक्रम में छात्राओं ने महिषासुर मर्दिनी, छैल छबीला साजन और छाप तिलक सब छीनो रे मोसे नैना मिलाइके सहित कई गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।

समारोह के अंत में बीबीए विभाग प्रभारी विजय राज श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. शिखा अग्रवाल, डॉ. अनामिका, डॉ. नेहा रैतानी, डॉ. उदिता दीक्षित, डॉ. प्रियंका मजूमदार, डॉ. अनुरंजिता, डॉ. हरगुन साहनी, डॉ. नूर सबा, डॉ. प्रियंका खरे, कर्मचारी पूजा कुमारी एवं श्रीमती गीता सहित कई महिला शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. एस.एस. मिश्रा, डॉ. शरद कुमार चतुर्वेदी, देवेश अग्रवाल सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
