अभाविप का जोरदार प्रदर्शन, डीएम को सौंपा आठ सूत्रीय मांगपत्र
अभाविप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले में बिना अनुमति के बड़ी संख्या में अवैध लाइब्रेरी संचालित हो रही हैं, जिनमें न तो सुरक्षा के मानक पूरे किए जाते हैं और न ही आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। कई स्थानों पर आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त खिड़कियाँ जैसी बुनियादी आवश्यकताओं का भी अभाव है।

नगर मंत्री कीर्ति उपाध्याय ने बताया कि स्कूली बसों में सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। सीट क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है और बस शुल्क का कोई निर्धारित मानक न होने से विद्यालय मनमाने तरीके से शुल्क वसूल रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले के निजी विद्यालय आरटीई एक्ट के तहत प्रवेश प्रक्रिया का पालन नहीं कर रहे। अभाविप ने सभी निजी स्कूलों में आरटीई प्रवेश की जांच कराने की मांग उठाई है।
छात्रा मेहविश जमाल ने कहा कि प्राइवेट बस यूनियन के कर्मचारी अक्सर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। सीट न देने को लेकर कंडक्टरों द्वारा गाली-गलौज और अभद्रता की शिकायतें आम हो चुकी हैं। इसके अलावा बसों में क्षमता से अधिक सवारियां भरकर सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।

नगर सह मंत्री पंकज वर्मा ने बताया कि अधिकांश निजी बसें बदहाल स्थिति में चल रही हैं। इनमें सुरक्षा उपकरणों का अभाव है और कई बसें अत्यधिक धुआं छोड़कर पर्यावरण को प्रदूषित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की फीस संरचना भी अनियमित है, हर वर्ष बढ़ती फीस से छात्रों और अभिभावकों का आर्थिक शोषण बढ़ता जा रहा है।

नगर इंटर कॉलेज प्रमुख लवकुश राव ने जिले में बड़ी संख्या में बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रांत सह सोशल मीडिया संयोजक जयशंकर मिश्रा ने "बलरामपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम" की जर्जर स्थिति को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि शौचालय उपयोग योग्य नहीं हैं, मैदान अव्यवस्थित है और खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान कई अभाविप कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिनमें शिवा तिवारी, उमरा मेकरानी, मानसी शर्मा, निशा, अनुपम शुक्ला, आकाश तिवारी, सौरभ मिश्रा, सौरभ विश्वकर्मा, लवकुश, रवि, अनुपम, पुनीत, आनंद मिश्रा, शिवांश तिवारी, अतुल, अंकित गौतम, अभिषेक, आकाश कौशल, श्रीओम कसौधन, शिवम दुबे, तारिक अहमद, आनंद, आदर्श, आशीष शुक्ला, आरिफ, शिवांश त्रिपाठी और जिला संगठन मंत्री अनुज सिंह शामिल रहे।
