“फॉरएवर लिविंग” के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप, पीड़ितों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
लखनऊ में “फॉरएवर लिविंग” के नाम पर बड़े निवेश घोटाले का मामला सामने आया है। लालबाग निवासी श्रीमती शन्नो कुरैशी ने अंजलि शर्मा और उसके सहयोगियों पर करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, अंजलि शर्मा खुद को “फॉरएवर लिविंग” कंपनी की मैनेजर बताकर लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देती थी।
आरोप है कि अंजलि शर्मा अपने परिजनों और कथित टीम के साथ लखनऊ और गोरखपुर में मीटिंग आयोजित करती थी, जहां वह लैपटॉप के जरिए महंगी लाइफस्टाइल, ज्वेलरी और बैंक ट्रांजेक्शन दिखाकर लोगों का भरोसा जीतती थी। इसके बाद निवेश के नाम पर बड़ी रकम जमा कराई गई, लेकिन बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।
पीड़िता शन्नो कुरैशी का आरोप है कि जब उनके पति हलीम कुरैशी ने निवेश की रकम वापस मांगी, तो उनके साथ मारपीट कराई गई। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का यह भी दावा है कि घटना के तनाव के कारण हलीम कुरैशी की बहन को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में एक अन्य पीड़ित बिलाल, निवासी मेरठ, ने भी करीब 50 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर थाना हुसैनगंज, लखनऊ में अंजलि शर्मा समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अधिवक्ता शादाब अहमद के अनुसार, यह एक संगठित निवेश घोटाला प्रतीत होता है, जिसमें सैकड़ों लोगों के शिकार होने की आशंका है। पीड़ितों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
26 अप्रैल 2026 को कई पीड़ित थाना हुसैनगंज पहुंचे और अपने बयान दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले में अभी जांच जारी है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
