एस.के. लखनऊ मैराथन में 29 नवंबर को शामिल होंगे अभिनेता नील नितिन मुकेश, धावकों का बढ़ाएंगे उत्साह

लेफ्टिनेंट जनरल जयचंद्रन करेंगे 21 किलोमीटर हाफ मैराथन का शुभारंभ, बिब और टी-शर्ट का हुआ अनावरण

21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ में दिखेगा धावकों का उत्साह, ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ थीम के जरिए दिया जाएगा डिजिटल सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और फिटनेस का संदेश

 
ewqwq

लखनऊ, 27 नवंबर 2026। राजधानी लखनऊ में 29 नवंबर को आयोजित होने जा रही दूसरी एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। इस बार मैराथन में बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश भी शिरकत करेंगे। उनकी मौजूदगी से धावकों का उत्साह बढ़ेगा और आयोजन को खास आकर्षण मिलेगा। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत, दौड़ेगा लखनऊ!’ रखी गई है। इसके माध्यम से फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के साथ डिजिटल सुरक्षा तथा महिला सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस मैराथन का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (IIEMR) और संस्कृति युवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एस.के. फाइनेंस के सहयोग से किया जा रहा है। दौड़ की शुरुआत 1090 चौराहे से होगी। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के धावक, युवा और फिटनेस प्रेमी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के तहत 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी।

बिब और आधिकारिक टी-शर्ट का किया गया अनावरण

मैराथन की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रतिभागियों की सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान मैराथन के आधिकारिक बिब और टी-शर्ट का भी अनावरण किया गया। आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागियों को बेहतर अनुभव देने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल जयचंद्रन दिखाएंगे हरी झंडी

रेस डे पर कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। 21 किलोमीटर लखनऊ हाफ मैराथन को लेफ्टिनेंट जनरल जयचंद्रन, चीफ ऑफ स्टाफ, सेंट्रल कमांड फ्लैग ऑफ करेंगे। इस अवसर पर संस्कृति युवा संस्था के संस्थापक अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, एस.के. फाइनेंस के चीफ बिजनेस ऑफिसर अजय ठाकुर, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमरप्रीत सिंह बत्रा और हेड ऑफ मार्केटिंग अंशुल जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।

फिटनेस के साथ डिजिटल सुरक्षा का संदेश देना उद्देश्य: मुकेश मिश्रा

आयोजक मुकेश मिश्रा ने कहा कि एस.के. लखनऊ मैराथन का मकसद केवल एक खेल प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि इसके जरिए स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना भी है। इस वर्ष ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ की थीम के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभिनेता नील नितिन मुकेश का मैराथन में शामिल होना प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। उनका प्रयास है कि यह आयोजन लखनऊ को फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक शहर के रूप में नई पहचान दिलाए।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता: मीनल द्विवेदी त्रिपाठी

रेस डायरेक्टर मीनल द्विवेदी त्रिपाठी ने बताया कि मैराथन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रतिभागियों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना भी प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

उनके अनुसार, दौड़ और खेल गतिविधियां महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं। आयोजकों की कोशिश है कि अधिक से अधिक महिलाएं फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से आगे आएं।

रनिंग संस्कृति को मजबूत करेगा आयोजन: हरिश कुमार

मैराथन के रेस मेंटर हरिश कुमार ने कहा कि दौड़ केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और शहर में रनिंग संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने और लखनऊ के रनिंग समुदाय को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

28 नवंबर को शीरोज हैंगआउट में होगा बिब एक्सपो

मैराथन में पंजीकरण करा चुके प्रतिभागियों के लिए 28 नवंबर 2026 को बिब एक्सपो आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक शीरोज हैंगआउट, लखनऊ में होगा। यहां सभी पंजीकृत धावक अपना बिब नंबर, इवेंट टी-शर्ट और मैराथन किट प्राप्त कर सकेंगे। आयोजकों ने प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर एक्सपो पहुंचकर रेस डे से पहले अपनी किट अवश्य प्राप्त कर लें।

एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 के जरिए राजधानी में खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली, डिजिटल जागरूकता, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सहभागिता को एक साथ जोड़ने की पहल की जा रही है। उम्मीद है कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से लखनऊ में फिटनेस और रनिंग के प्रति जागरूकता को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

Tags