अभावों से संघर्ष कर जरूरतमंदों का सहारा बने हर्ष राठी, अभिनेता सोनू सूद ने किया सम्मानित
दिल्ली में आयोजित ‘भारत लीडरशिप 2026’ कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने हर्ष राठी को सम्मानित किया। इस दौरान सोनू सूद ने उनके समाजसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
मंगलवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में हर्ष राठी ने अपने संघर्ष, समाजसेवा की शुरुआत और सम्मान मिलने तक के सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘हेल्पिंग एजेंडा’ नाम से एक पेज शुरू किया था। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसे जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना था, जो आर्थिक तंगी और विपरीत परिस्थितियों के कारण अपनी बुनियादी जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
हर्ष राठी का कहना है कि जीवन में अभावों का सामना करने के कारण वह जरूरतमंदों की परेशानियों और उनके दर्द को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं। इसी अनुभव ने उन्हें दूसरों की मदद के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सोशल मीडिया को केवल मनोरंजन का माध्यम न बनाकर जरूरतमंदों की आवाज उठाने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया बनाया है।
सोनू सूद के हाथों मिला सम्मान हर्ष राठी के सेवा कार्यों को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान है। उनका प्रयास है कि ‘हेल्पिंग एजेंडा’ के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जाए और समाज में सहयोग एवं मानवता की भावना को मजबूत किया जाए।
