एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत, रिटायर्ड जज और वकील बेटे पर दहेज हत्या का केस
परिजनों के अनुसार, ट्विशा की शादी भोपाल निवासी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से हुई थी, जो पेशे से वकील है। शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि समर्थ अक्सर ट्विशा से कहता था कि “यह शादी हमारे स्टैंडर्ड की नहीं है।”

मृतका ने अपनी सहेली से भी कथित तौर पर कहा था कि वह “फंस गई है” और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। वहीं, ट्विशा ने अपनी मां से कई बार फोन पर अपनी पीड़ा साझा की थी। परिवार के मुताबिक, उसने कहा था— “मेरी जिंदगी नरक हो चुकी है, मां मुझे यहां से ले चलो।”
परिजनों का दावा है कि मौत से ठीक पहले ट्विशा अपनी मां से फोन पर बात कर रही थी। बातचीत के दौरान उसने कहा— “अब ये सब सहन नहीं होता।” इसी बीच कमरे में किसी के आने की आहट हुई और फोन अचानक कट गया। करीब आधे घंटे बाद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने फोन कर परिवार को बताया— “She is no more.”

मामले में एक और विवाद तब खड़ा हुआ जब रिटायर्ड जज और उनके बेटे ने उसी अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, जहां गिरिबाला सिंह कभी न्यायाधीश रह चुकी थीं। अदालत से उन्हें जमानत मिल गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रभावशाली पृष्ठभूमि के कारण उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की उम्मीद कम है। उन्होंने मामले की सुनवाई राज्य से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही परिवार ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की भी मांग उठाई है, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
