आईटीआई सत्र 2026-27 के पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 6 से 11 अक्टूबर तक आवेदन
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अधिशासी निदेशक (एससीवीटी) अभिषेक सिंह ने बताया कि पंचम चरण के लिए 6 अक्टूबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी परिषद की अधिकृत वेबसाइट www.scvtup.in पर आवेदन कर सकते हैं।
पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी भर सकेंगे नए विकल्प
राजकीय आईटीआई के प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण में अचयनित अथवा चयनित होने के बावजूद प्रवेश से वंचित रहे पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर रिक्त व्यवसायों एवं इच्छित संस्थानों के लिए नए विकल्प भर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को आवश्यकता के अनुसार लिंग, उपवर्ग और शैक्षिक अर्हता से संबंधित जानकारी को भी पुनः पंजीकृत करने का अवसर मिलेगा। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा नए विकल्प दर्ज नहीं किए जाते हैं, तो उसे उसके मूल आवेदन में दिए गए विकल्पों के आधार पर ही पंचम चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा राजकीय संस्थानों में पूर्व में प्रवेश ले चुके लेकिन किसी कारणवश नाम कट जाने वाले अभ्यर्थी भी इस चरण में आवेदन कर सकेंगे।
नए अभ्यर्थियों के लिए भी आवेदन का मौका
राजकीय एवं निजी आईटीआई में नए सिरे से प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को परिषद की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे से निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। शुल्क भुगतान के बाद अभ्यर्थी आवेदन पत्र का प्रिंट आउट प्राप्त कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क कितना?
पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
- सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग: ₹300
- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति: ₹250
- सभी महिला अभ्यर्थी: ₹100
ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भरने की प्रक्रिया 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक खुली रहेगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध होगी रिक्त सीटों की जानकारी
अभिषेक सिंह ने बताया कि चतुर्थ चरण के बाद रिक्त बची सीटों का जनपदवार, संस्थानवार और व्यवसायवार विवरण परिषद की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी संबंधित संस्थान के कार्यालय से भी रिक्त सीटों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने संस्थानों में रिक्त सीटों की व्यवसायवार अद्यतन स्थिति अनिवार्य रूप से सूचना पट पर प्रदर्शित करें, ताकि अभ्यर्थियों को संस्थान एवं व्यवसाय का विकल्प चुनने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
