लखनऊ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मिले अधिवक्ता संजीव द्विवेदी, बंधुत्वेश्वरम धाम का चित्र किया भेंट
लखनऊ।उत्तराखंड स्थित ज्योतिर्मठ पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी 'गौ विजय यात्रा' के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में गौ संरक्षण और जनजागरण का संदेश दे रहे हैं। इसी क्रम में उनके लखनऊ आगमन पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं अटल विश्व बंधुत्वेश्वरम धाम निर्माण के संस्थापक संजीव द्विवेदी ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान संजीव द्विवेदी ने चित्रकूट कामदगिरि के दक्षिण में प्रस्तावित बंधुत्वेश्वरम धाम की तस्वीर शंकराचार्य को भेंट की। उन्होंने बताया कि यह धाम भगवान श्रीराम और भरत के मिलाप से प्रेरित बंधुत्व, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संदेश को समर्पित है।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने संजीव द्विवेदी को आशीर्वाद देते हुए उनके कार्यों की सफलता की कामना की और "सर्वत्र जयते भव" का आशीर्वचन प्रदान किया।इस अवसर पर संजीव द्विवेदी ने बंधुत्वेश्वरम धाम के निर्माण के लिए देश के चारों प्रमुख शंकराचार्य पीठों की पावन पादुकाएं आशीर्वाद स्वरूप प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। इस पर शंकराचार्य ने स्वयं सहयोग का आश्वासन देते हुए अन्य शंकराचार्यों की पादुकाएं भी उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया। गौरतलब है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इन दिनों गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
