U19 Asia Cup 2025: वैभव सूर्यवंशी के अर्धशतक के बाद अभिज्ञान कुंडू का शतक, मलेशिया पर भारत का दबदबा
India U19 vs Malaysia U19, 10th Match : U19 एशिया कप 2025 के 10वें मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मलेशिया के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में जहां वैभव सूर्यवंशी ने तेज़ तर्रार अर्धशतक जड़ा, वहीं उनके आउट होने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार शतक लगाकर भारतीय पारी को मजबूती प्रदान की।
मलेशिया के कप्तान दीयाज पात्रो ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय पारी की शुरुआत कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने की, लेकिन आयुष सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विहान मल्होत्रा भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
इस बीच वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 50 रन पूरे किए। हालांकि अर्धशतक के तुरंत बाद वह अगली ही गेंद पर आउट हो गए और टीम इंडिया को तीसरा बड़ा झटका लगा।
कुंडू-त्रिवेदी की साझेदारी ने संभाली पारी
वैभव के आउट होने के बाद अभिज्ञान कुंडू और वेदांत त्रिवेदी ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी हुई और भारत ने 30 ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इस दौरान दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए।
अभिज्ञान कुंडू का यादगार शतक
शतकीय साझेदारी पूरी होते ही अभिज्ञान कुंडू ने रन गति तेज कर दी। उन्होंने 37वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया।कुंडू ने 80 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। यह 17 वर्षीय कुंडू का U19 एशिया कप 2025 में पहला शतक है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 22 रन और UAE के खिलाफ नाबाद 32 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया दौरे से ही दिखा रहे हैं दम
गौरतलब है कि अभिज्ञान कुंडू ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। यूथ ODI सीरीज के पहले मैच में उन्होंने नाबाद 87 रन, दूसरे मैच में 71 रन, जबकि तीसरे मुकाबले में 26 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद अब UAE में आयोजित U19 एशिया कप 2025 में भी अभिज्ञान कुंडू अपनी बल्लेबाजी से लगातार प्रभावित कर रहे हैं।
