उत्तर प्रदेश में वायु प्रदूषण के स्तर में 36.7% की गिरावट, अब गांवों तक पहुंचानी होगी स्वच्छ हवा की मुहिम
लखनऊ, 27 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में वायु गुणवत्ता के स्तर में सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2021 से 2025 के बीच राज्य में सूक्ष्म कण प्रदूषण (PM2.5) के वार्षिक औसत स्तर में 36.7 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस सुधार को स्थायी बनाने के लिए अब शहरों के साथ-साथ गांवों और छोटे कस्बों को भी वायु प्रदूषण नियंत्रण की योजनाओं में शामिल करना होगा। हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शहर आधारित रणनीति के बजाय पूरे एयरशेड (वायु क्षेत्र) को ध्यान में रखकर काम करने की आवश्यकता है।
ये निष्कर्ष शुक्रवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ बैठक में सामने आए। बैठक का विषय था, ‘शहर से एयरशेड स्तर पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन: उत्तर प्रदेश के लिए अगले कदम’। इसका आयोजन क्लाइमेट ट्रेंड्स ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ और डॉक्टर्स फॉर क्लीन एयर एंड क्लाइमेट एक्शन के सहयोग से किया।
बैठक में वायु प्रदूषण की व्यापक स्थिति और उसके समाधान को लेकर दो शोध अध्ययनों पर चर्चा की गई। क्लाइमेट ट्रेंड्स के अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2021 से 2025 के बीच उत्तर प्रदेश में PM2.5 का वार्षिक औसत स्तर 36.7 प्रतिशत घटा है। वहीं, आईआईटी कानपुर के शोध में उत्तर प्रदेश और बिहार में ब्लॉक स्तर पर लगाए गए 1,400 से अधिक कम लागत वाले सेंसरों के आंकड़ों से पता चला कि वायु प्रदूषण शहरों की सीमाओं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को भी प्रभावित करता है।
दोनों अध्ययनों ने स्पष्ट किया कि वायु गुणवत्ता का प्रबंधन अलग-अलग शहरों के आधार पर करने के बजाय पूरे एयरशेड स्तर पर किया जाना चाहिए। एयरशेड ऐसे भौगोलिक क्षेत्र होते हैं, जहां रहने वाले लोग एक ही वायु क्षेत्र साझा करते हैं और प्रदूषण का प्रभाव एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचता है।
पांच वर्षों में PM2.5 प्रदूषण में आई उल्लेखनीय कमी
क्लाइमेट ट्रेंड्स ने पिछले पांच वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के निरंतर वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों से प्राप्त दैनिक आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसके अनुसार, राज्य में PM2.5 का वार्षिक औसत स्तर 81.5 से घटकर 51.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) रह गया है।
वहीं, राष्ट्रीय 24 घंटे के मानक 60 µg/m³ से अधिक प्रदूषण वाले दिनों का अनुपात 54 प्रतिशत से घटकर 28.2 प्रतिशत हो गया है। यानी ऐसे दिनों में लगभग आधी कमी दर्ज की गई है।
अध्ययन के मुताबिक, इस सुधार के पीछे प्रदूषण उत्सर्जन को नियंत्रित करने के प्रयासों, वायु गुणवत्ता प्रबंधन में सुधार और हर साल मौसम में होने वाले बदलावों की भूमिका रही है।
हालांकि, सुधार के बावजूद चुनौतियां बरकरार हैं। उत्तर प्रदेश में PM2.5 का वार्षिक औसत स्तर अभी भी राष्ट्रीय मानक 40 µg/m³ से अधिक है। वर्ष 2025 में भी चार में से एक से अधिक दिन प्रदूषण का स्तर निर्धारित दैनिक सीमा से ऊपर रहा।
नवंबर में सबसे अधिक प्रदूषण, पश्चिमी यूपी प्रमुख प्रभावित क्षेत्र
अध्ययन में प्रदूषण का स्पष्ट मौसमी पैटर्न भी सामने आया। नवंबर में PM2.5 का औसत स्तर सर्वाधिक 112.6 µg/m³ दर्ज किया गया, जबकि जुलाई में यह सबसे कम 24.6 µg/m³ रहा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रदूषण के प्रमुख प्रभावित क्षेत्रों में शामिल पाया गया। पांच वर्षों के औसत आंकड़ों के अनुसार, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर और मेरठ में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा।
क्लाइमेट ट्रेंड्स की रिसर्च लीड डॉ. पलक बल्यान ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में लगातार प्रगति की है। राज्य की भौगोलिक स्थिति और इंडो-गंगेटिक बेसिन में अवस्थिति के साथ-साथ घनी आबादी के कारण यहां वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करना चुनौतीपूर्ण है।
उन्होंने कहा, "इस प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए राज्य को शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में समय पर कार्रवाई करनी होगी, क्योंकि हवा किसी सीमा पर नहीं रुकती। हमारे आकलन में प्रदूषण के स्तर में मौसमी बढ़ोतरी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख प्रदूषण प्रभावित क्षेत्र होने की बात सामने आई है। राज्य ने अब तक जो कदम उठाए हैं, उनसे उम्मीद है कि वह एयरशेड प्रबंधन के मामले में देश के लिए एक उदाहरण बन सकता है।"
एयरशेड प्रबंधन के लिए साझा समन्वय व्यवस्था जरूरी: आर.पी. सिंह
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन की व्यवस्था मुख्य रूप से शहर-दर-शहर के दृष्टिकोण तक सीमित रही है। इंडो-गंगेटिक यानी गंगा के मैदानी क्षेत्रों में प्रत्येक शहर की वायु गुणवत्ता की स्थिति अलग-अलग होती है। इसके बावजूद पूरे क्षेत्र के लिए व्यापक शोध और समन्वित कार्ययोजना की कमी है।
उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के आंकड़ों और उसके स्रोतों की पहचान के मामले में अभी काफी काम किया जाना बाकी है। जब तक पर्याप्त अध्ययन उपलब्ध नहीं होंगे और एयरशेड आधारित दृष्टिकोण नहीं अपनाया जाएगा, तब तक प्रदूषण की समस्या का प्रभावी समाधान संभव नहीं है।
आर.पी. सिंह ने कहा कि इस दिशा में सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को साझा लक्ष्य के साथ एक मंच पर आना होगा। इसके लिए ऐसी एकल समन्वय प्राधिकरण की आवश्यकता है, जो योजनाएं बनाए, निर्णय ले और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाए।
आईआईटी कानपुर के सेंसर गांवों में प्रदूषण की वास्तविक तस्वीर दिखा रहे
बैठक में आईआईटी कानपुर के शोध के तहत विकसित कम लागत वाले वायु गुणवत्ता निगरानी सेंसरों के महत्व पर भी चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश और बिहार दुनिया के सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल भारत-गंगा के मैदानी इलाके में स्थित हैं। इसके बावजूद इन राज्यों के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता की पर्याप्त निगरानी नहीं हो पाती है।
सरकारी निगरानी केंद्र मुख्य रूप से शहरों में केंद्रित हैं। बिहार में औसतन प्रत्येक 2,700 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर केवल एक सरकारी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र उपलब्ध है।
इस स्थिति को बदलने के लिए आईआईटी कानपुर और उसके सहयोगी संस्थान कम लागत वाले सेंसरों का व्यापक नेटवर्क तैयार कर रहे हैं। बिहार में 500 से अधिक सेंसर लगाए गए हैं, जिससे निगरानी केंद्रों के बीच की औसत दूरी घटकर लगभग 175 वर्ग किलोमीटर रह गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में 1,400 से अधिक सेंसरों के नेटवर्क से पूरे क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति समझने और नियंत्रण की योजनाएं तैयार करने में मदद मिल रही है।
शोध के अनुसार, कम लागत वाले पार्टिकुलेट मैटर (PM) सेंसर मौजूदा वायु गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उचित सुधार और कैलिब्रेशन के बाद इनके आंकड़ों का उपयोग स्थानीय स्तर पर प्रदूषण की स्थिति समझने के लिए किया जा सकता है। इससे यह पहचानना आसान होगा कि किस क्षेत्र में और किस समय प्रदूषण नियंत्रण के लिए कदम उठाने की सबसे अधिक आवश्यकता है।
इस तकनीक का सबसे बड़ा लाभ उन गांवों और छोटे कस्बों को मिल सकता है, जहां सरकारी निगरानी केंद्रों की पहुंच नहीं है।
बिहार में किए गए एक प्रमुख अध्ययन में सामने आया कि लगभग हर मौसम में राज्य के अधिकांश हिस्सों में PM2.5 प्रदूषण का स्तर स्वास्थ्य संबंधी निर्धारित सीमा से अधिक रहा। अध्ययन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों के प्रदूषण के संपर्क में आने के स्तर में भी बहुत कम अंतर पाया गया।
स्वच्छ हवा विलासिता नहीं, हमारा अधिकार है: डॉ. सूर्यकांत
कार्यक्रम के सहयोगी और वायु मित्र अभियान के संयोजक डॉ. सूर्यकांत, जो केजीएमयू लखनऊ में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के प्रमुख हैं, ने वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के प्रति आगाह किया।
उन्होंने कहा, "हमारी जिंदगी एक सांस से शुरू होती है और एक सांस पर ही खत्म होती है। स्वच्छ हवा कोई विलासिता नहीं है। यह हमारा अधिकार है और अच्छे स्वास्थ्य का आधार है। प्रदूषण बढ़ने पर कोई भी सुरक्षित नहीं रहता और शरीर का कोई भी अंग इससे अछूता नहीं रहता। यह हमारी उम्र कम करता है और हमारे पास जीने के लिए जितने साल हैं, उन्हें भी घटा देता है।"
विशेषज्ञों ने बैठक में इस बात पर सहमति जताई कि उत्तर प्रदेश में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए अब व्यापक और समन्वित रणनीति अपनानी होगी। इसमें शहरों के साथ गांवों, छोटे कस्बों और औद्योगिक क्षेत्रों को भी शामिल करना जरूरी है। एयरशेड आधारित प्रबंधन, बेहतर निगरानी नेटवर्क और प्रदूषण के स्रोतों की पहचान के जरिए ही स्वच्छ हवा का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
