एयरटेल बना भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड, कैंटार ब्रांडज़ इंडिया 2026 की रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान
लखनऊ, 20 नवंबर 2026। देश की प्रमुख दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने ब्रांड वैल्यू के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डेटा, एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी कंपनी कैंटार ने अपनी ‘कैंटार ब्रांडज़ इंडिया 2026’ रिपोर्ट में एयरटेल को भारत का सबसे मूल्यवान ब्रांड घोषित किया है। वर्ष 2014 में इस रैंकिंग की शुरुआत के बाद पहली बार किसी टेलीकॉम कंपनी ने शीर्ष स्थान हासिल किया है।
कैंटार की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक वर्ष में एयरटेल की ब्रांड वैल्यू में 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह बढ़कर 43.2 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई है। वहीं, वर्ष 2020 के बाद से कंपनी की ब्रांड वैल्यू में 210 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
डिजिटल इकोसिस्टम के रूप में विकसित हुआ एयरटेल
एयरटेल की ब्रांड वैल्यू में इस वृद्धि के पीछे ब्रांड इक्विटी में निरंतर निवेश और कंपनी की बदलती व्यावसायिक रणनीति को प्रमुख वजह माना गया है। कंपनी ने पारंपरिक कनेक्टिविटी सेवा प्रदाता की भूमिका से आगे बढ़कर खुद को व्यापक डिजिटल इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया है।
‘एयरटेल थैंक्स’ और ‘एयरटेल ब्लैक’ जैसी एकीकृत सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने की दिशा में काम किया गया है। इसके अलावा 5जी प्लस नेटवर्क और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘सेफ पे’ फ्रॉड डिटेक्शन सिस्टम जैसे नवाचारों ने भी ग्राहकों के भरोसे को मजबूत करने में योगदान दिया है।
एयरटेल के कर्मचारियों और ग्राहकों को समर्पित किया सम्मान
इस उपलब्धि पर पुरस्कार स्वीकार करते हुए भारती एयरटेल के मुंबई सर्किल के सीईओ अमित रवींद्र देशपांडे ने कहा कि कैंटार से यह सम्मान मिलना कंपनी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि को एयरटेल के प्रत्येक कर्मचारी और कंपनी पर भरोसा जताने वाले सभी ग्राहकों को समर्पित किया।
भारतीय ब्रांड्स की कुल वैल्यू 460.3 अरब डॉलर
कैंटार ब्रांडज़ टॉप 100 मोस्ट वैल्युएबल इंडियन ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू 460.3 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है। यह भारत की जीडीपी के लगभग 11 प्रतिशत के बराबर है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में शीर्ष 100 ब्रांड्स की संयुक्त वैल्यू में 12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय ब्रांड्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित बदलावों और नई तकनीकी चुनौतियों के दौर से गुजर रहे हैं। दुनिया के अन्य बाजारों में एआई आधारित टेक्नोलॉजी और मीडिया क्षेत्र ब्रांड वैल्यू बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जबकि भारत में इनका प्रभाव अभी अपेक्षाकृत सीमित है।
इसके बावजूद भारतीय ब्रांड्स का दीर्घकालिक प्रदर्शन सकारात्मक रहा है। कैंटार ब्रांडज़ इंडिया पोर्टफोलियो ने सेंसेक्स की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। वर्ष 2020 के बाद से शीर्ष 75 भारतीय ब्रांड्स की कुल वैल्यू में 100 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो इसी अवधि की जीडीपी विकास दर से अधिक है। एयरटेल की यह उपलब्धि भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में ब्रांड निर्माण, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और ग्राहकों के विश्वास के बढ़ते महत्व को रेखांकित करती है।
