अमरनाथ यात्रा के लिए एयरटेल ने बढ़ाया नेटवर्क कवरेज, श्रद्धालुओं को मिलेगी निर्बाध कनेक्टिविटी
एयरटेल ने बालटाल में अपनी मौजूदा नेटवर्क सेवाओं के अलावा पहलगाम मार्ग पर चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप और बेताब घाटी में नई नेटवर्क साइट्स स्थापित की हैं। इससे पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर तक जाने वाले पूरे मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क कवरेज मजबूत हो गया है।
कंपनी के अनुसार, यह नेटवर्क विस्तार संबंधित सरकारी प्राधिकरणों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से किया गया है। इससे विश्वसनीय वॉयस और हाई-स्पीड डेटा सेवाएं उपलब्ध होंगी, आपातकालीन संचार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा लाखों श्रद्धालुओं को डिजिटल सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
जम्मू-कश्मीर में भारती एयरटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) विक्रम आरएस ने कहा कि एयरटेल कठिन से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी लोगों, समुदायों और आवश्यक सेवाओं को जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दोनों प्रमुख मार्गों—पहलगाम और बालटाल—पर नेटवर्क विस्तार जम्मू-कश्मीर में कंपनी के निरंतर निवेश और श्रद्धालुओं, सुरक्षा बलों तथा प्रशासन को विश्वसनीय कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। एयरटेल का कहना है कि चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार के माध्यम से वह देशभर में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और भारत के डिजिटल परिवर्तन को गति देने के अपने प्रयास लगातार जारी रखे हुए है।
