एयरटेल ने लॉन्च की प्रायोरिटी पोस्टपेड सेवा, ग्राहकों को मिलेगा बेहतर नेटवर्क अनुभव

5जी स्लाइसिंग तकनीक के साथ नेटवर्क को किया अपग्रेड, पोस्टपेड ग्राहकों को मिलेगी बेहतर सेवा गुणवत्ता और निर्बाध कनेक्टिविटी
 
एयरटेल ने लॉन्च की प्रायोरिटी पोस्टपेड सेवा, ग्राहकों को मिलेगा बेहतर नेटवर्क अनुभव
लखनऊ, 19 मई 2026। भारती एयरटेल ने मंगलवार को ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड’ सेवा लॉन्च करने की घोषणा की। कंपनी के अनुसार, यह नई सेवा 5जी स्लाइसिंग तकनीक पर आधारित है, जिससे पोस्टपेड ग्राहकों को अधिक स्थिर, तेज और बेहतर नेटवर्क अनुभव मिलेगा। यह सेवा खासतौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो कामकाज, मनोरंजन और ऑनलाइन सहयोग के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी पर निर्भर रहते हैं।

कंपनी ने बताया कि इस सेवा के लिए एयरटेल ने अपने 5जी नेटवर्क को नेटवर्क स्लाइसिंग तकनीक की उन्नत क्षमताओं से सशक्त बनाया है। यह तकनीक नेटवर्क को अधिक स्मार्ट और कुशल बनाते हुए अतिरिक्त क्षमता तैयार करती है, जिससे प्रायोरिटी ग्राहकों को बेहतर सेवा गुणवत्ता और लगातार कनेक्टिविटी मिल सकेगी। विशेष रूप से नेटवर्क पर अधिक ट्रैफिक की स्थिति में भी ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने का दावा किया गया है।

एयरटेल के अनुसार, नेटवर्क क्षमता को इंटेलीजेंट और डायनेमिक तरीके से विभाजित कर पोस्टपेड ग्राहकों को अधिक भरोसेमंद और स्थिर कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। पिछले एक वर्ष में अमेरिका, सिंगापुर, यूनाइटेड किंगडम और मलेशिया जैसे देशों में भी स्लाइसिंग आधारित 5जी सेवाएं शुरू की गई हैं। कंपनी का कहना है कि भारत में इस प्रकार की सेवा शुरू करने वाला एयरटेल पहला ऑपरेटर है।

लॉन्च के अवसर पर शाश्वत शर्मा ने कहा, “एयरटेल में हमारा फोकस ऐसे सार्थक समाधानों पर है, जो ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाएं। प्रायोरिटी पोस्टपेड, 5जी स्लाइसिंग तकनीक से संचालित हमारा नया समाधान है। यह ग्राहकों को तेज, स्थिर और भरोसेमंद कनेक्टिविटी प्रदान करता है, चाहे वे ट्रैफिक में क्लाइंट कॉल अटेंड कर रहे हों, किसी भीड़भाड़ वाले कॉन्सर्ट में स्ट्रीमिंग कर रहे हों या व्यस्त बाजार में कैब बुक कर रहे हों।”

कंपनी ने बताया कि एयरटेल प्रायोरिटी सेवा उसके सभी पोस्टपेड प्लान्स पर उपलब्ध होगी और मौजूदा ग्राहकों को इसका लाभ स्वतः मिलना शुरू हो जाएगा। वहीं, प्रीपेड ग्राहक या नए ग्राहक Airtel App अथवा किसी भी एयरटेल स्टोर के माध्यम से इस सेवा में स्विच कर सकेंगे।

ग्राहक किसी भी 5जी एसए सक्षम स्मार्टफोन में नवीनतम सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। जिन ग्राहकों के फोन में अपडेट लंबित होगा, उन्हें अपने स्मार्टफोन की सेटिंग्स में संबंधित सूचना दिखाई देगी। साथ ही ग्राहक एयरटेल ऐप पर लॉग इन कर यह भी जांच सकेंगे कि उनका फोन एयरटेल प्रायोरिटी सेवाओं के लिए तैयार है या नहीं।

Tags