एयरटेल प्रदान करेगा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय जम्बूरी में निर्बाध मोबाइल सेवाएँ
लखनऊ, 19 नवंबर, 2025: भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का 19वां राष्ट्रीय जम्बूरी सम्मेलन 23 से 29 नवंबर 2025 तक लखनऊ में डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, सेक्टर-15, वृंदावन योजना में आयोजित होने जा रहा है। इस विशाल राष्ट्रीय समागम में पूरे देश से 30,000 से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स और 2,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। आयोजन के बड़े पैमाने और महत्व को देखते हुए, भारती एयरटेल लिमिटेड ने आयोजन स्थल पर निर्बाध दूरसंचार सेवाएँ सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ली है।
मजबूत नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना
एयरटेल द्वारा आयोजन स्थल पर मजबूत मोबाइल और डेटा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कुल 8 बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) लगाए गए हैं, जिनमें शामिल हैं:
-
2 बीटीएस (2G)
-
4 बीटीएस (4G)
-
2 बीटीएस (5G)
इसके अलावा, दूरसंचार अवसंरचना सेवा प्रदाता कंपनी इंडस टावर्स लिमिटेड द्वारा दो सेल ऑन व्हील (CoW) टावर भी स्थापित किए गए हैं।
नेटवर्क गुणवत्ता का मूल्यांकन और उद्घाटन
उत्तर प्रदेश पूर्व एलएसए (लाइसेंसिंग सर्विस एरिया) ने वृंदावन योजना क्षेत्र में सभी प्रमुख मार्गों पर ड्राइव टेस्ट कर नेटवर्क गुणवत्ता (QoS) का विस्तृत मूल्यांकन किया था। इन परिणामों के आधार पर, सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (TSPs) ने नेटवर्क का आवश्यक अनुकूलन किया, जिससे बेहतर कवरेज सुनिश्चित हो सके।इन दोनों CoW टावरों का औपचारिक उद्घाटन आज, 19 नवंबर 2025 (बुधवार) को, दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक, उत्तर प्रदेश (पूर्व) एल.एस.ए., श्री अरुण कुमार वर्मा द्वारा किया गया।
अपर महानिदेशक का वक्तव्य
इस अवसर पर अपर महानिदेशक श्री अरुण कुमार वर्मा ने बड़े आयोजनों में उच्च गुणवत्ता वाली दूरसंचार सेवाओं की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संचार की भूमिका प्रतिभागियों की सुरक्षा, समन्वय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सुचारु मोबाइल एवं डेटा सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने रेखांकित किया सुदृढ़ और सुचारु दूरसंचार व्यवस्था भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय जम्बूरी के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देगी। यह न केवल प्रतिभागियों, अधिकारियों और अतिथियों को विश्वसनीय एवं उच्च गुणवत्ता की दूरसंचार सेवाएँ उपलब्ध कराएगी, बल्कि सुदृढ़ डिजिटल इंडिया का बोध भी कराएगी।"
