AKTU ने जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज को सौंपी लखनऊ जोन के स्पोर्ट्स फेस्ट की मेजबानी
20 और 21 नवंबर को होगा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27, 49 से अधिक कॉलेजों के 2,200 से ज्यादा विद्यार्थी दिखाएंगे खेल प्रतिभा
लखनऊ डेस्क, आर.एल. पाण्डेय। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU), उत्तर प्रदेश ने जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज, लखनऊ को लखनऊ जोन के स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के आयोजन केंद्र की जिम्मेदारी सौंपी है। कॉलेज परिसर में 20 और 21 नवंबर 2026 को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध 49 से अधिक महाविद्यालयों के 2,200 से ज्यादा छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की संभावना है।
जीआईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. ऋषि अस्थाना ने संवाददाताओं को बताया कि खेल महोत्सव के दौरान एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस और शतरंज सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में लखनऊ जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के महाविद्यालयों के विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें लखनऊ, सीतापुर, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, झांसी और अंबेडकरनगर सहित अन्य जिलों के संस्थानों की भागीदारी रहेगी।
स्पोर्ट्स फेस्ट के आयोजन से विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
