कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की नई जिला कार्यकारिणी घोषित
![[]p[](https://aapkikhabar.com/static/c1e/client/86288/uploaded/5defd2a0a0c32d9906439e4553fb1151.jpg)
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा संगठन गीत के साथ हुआ। इसके बाद संगठन के जिला संरक्षक कर्नल सी. पी. मिश्र ने कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना द्वारा दुर्गम पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दिखाए गए अद्वितीय पराक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सैनिकों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अमिट उदाहरण है।

बैठक के दौरान वरिष्ठ सदस्य श्री दिनेश चन्द्र शर्मा ने संगठन को तहसील स्तर तक मजबूत बनाने और अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को परिषद से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता ने सुझाव दिया कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजन सार्वजनिक स्थलों पर भी किए जाएं, ताकि युवा पीढ़ी कारगिल विजय दिवस के महत्व, भारतीय सेना के शौर्य और देशभक्ति की प्रेरणादायक गाथाओं से परिचित हो सके।वार्षिक सभा के दौरान सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें श्री मुनेन्द्र कुमार शर्मा को जिला अध्यक्ष तथा मनोज कुमार त्रिवेदी को जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में अवध प्रांत सचिव विनोद कुमार तिवारी, सूबेदार बाबूराम, मनोज कुमार मिश्र, उमाकान्त पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और मातृशक्ति की उपस्थिति रही। अंत में नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ शांति मंत्र का पाठ किया गया और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।
