एएमए हर्बल ग्रुप को मिला दूसरा पेटेंट ,नैचुरल रोप डाइंग प्रक्रिया को मिली राष्ट्रीय मान्यता

• नैचुरल डाइंग को कमर्शियल स्तर पर ले जाने की दिशा में बड़ा कदम, एएमए की रोप डाइंग तकनीक पेटेंटेड
• कम पानी, कम लागत और समान रंग; एएमए हर्बल ग्रुप की अनूठी रोप डाइंग तकनीक को पेटेंट

 
एएमए हर्बल ग्रुप को मिला दूसरा पेटेंट ,नैचुरल रोप डाइंग प्रक्रिया को मिली राष्ट्रीय मान्यता

लखनऊ | 10 फरवरी 2026   एएमए हर्बल ग्रुप ऑफ कंपनीज़ को अपनी इनोवेटिव नैचुरल रोप डाइंग प्रक्रिया के लिए दूसरा पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह पेटेंट ऐसी आधुनिक तकनीक के लिए प्रदान किया गया है, जो नैचुरल डाइज़ के माध्यम से लंबे धागों को एकसमान रंग प्रदान करने में सक्षम है। इस प्रक्रिया को कम पानी की खपत, कम लागत और बड़े पैमाने पर उत्पादन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। वर्तमान में यह तकनीक किसी अन्य कंपनी के पास उपलब्ध नहीं है।

रोप डाइंग एक मशीन आधारित प्रक्रिया है, जिसका उपयोग आमतौर पर डेनिम यार्न की रंगाई में किया जाता है, हालांकि यह केवल डेनिम तक सीमित नहीं है। इस तकनीक के माध्यम से 10,000 से 20,000 मीटर तक लंबे धागों को निरंतर (कंटीन्यूअस) रूप से रंगा जा सकता है।

सामान्यतः धागों की रंगाई या तो कोन फॉर्म (2 से 2.5 किलोग्राम) में या हैंक फॉर्म (0.5 से 1 किलोग्राम) में की जाती है। पारंपरिक नैचुरल डाइंग प्रक्रिया में हैंकों को आपस में गांठ लगाकर जोड़ना पड़ता था, जिससे प्रक्रिया जटिल, श्रमसाध्य और समय लेने वाली हो जाती थी। एएमए हर्बल ग्रुप की नई रोप डाइंग तकनीक में यह संपूर्ण प्रक्रिया निरंतर रूप से संपन्न होती है, जिससे कार्य की गति और उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

इस तकनीक की एक प्रमुख विशेषता पानी की कम खपत है, जिससे डाइंग की कुल लागत में भी कमी आती है। पूर्व में नैचुरल डाइंग मुख्य रूप से इंडिगो तक सीमित थी, क्योंकि अन्य नैचुरल डाइज़ की कॉटन के साथ ऐफिनिटी कम होती थी और इसके लिए प्री-ट्रीटमेंट, डाइंग, वॉशिंग और फिक्सेशन जैसे कई अलग-अलग चरणों की आवश्यकता पड़ती थी। एएमए हर्बल ग्रुप ने इन सभी प्रक्रियाओं को एकीकृत करते हुए एक सिंगल रोप डाइंग सिस्टम में सफलतापूर्वक स्थापित किया है।

यह प्रक्रिया दो टेक्सटाइल मिलों में कमर्शियल स्तर पर पहले ही लागू की जा चुकी है, जहाँ से उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद प्राप्त हुए हैं। लागत की दृष्टि से यह तकनीक अत्यंत प्रभावी है और पूरी लंबाई में धागों को समान रंग मिलने से नैचुरल डाइज़ को बड़े पैमाने पर अपनाना आसान हो गया है।

इस अवसर पर एएमए हर्बल ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के को-फाउंडर एवं सीईओ श्री यावर अली शाह ने कहा,यह हमारा दूसरा पेटेंट है और नैचुरल डाइंग को कमर्शियल स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह प्रक्रिया पर्यावरण के अनुकूल टेक्सटाइल उत्पादन को बढ़ावा देगी और उद्योग को नई गति प्रदान करेगी।”

Tags