अमरनाथ मिश्र ने व्यापारियों की एकजुटता को बताया संगठन की ताकत, मनीष वर्मा बने मुंशी पुलिया परिक्षेत्र अध्यक्ष
लखनऊ व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी गठित, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का आह्वान
लखनऊ। व्यापारियों की एकजुटता को मजबूत बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को लखनऊ व्यापार मंडल के विस्तार के तहत मुंशी पुलिया परिक्षेत्र व्यापार मंडल का गठन किया गया। मुंशी पुलिया सेक्टर-12/619 स्थित होटल ब्लॉसम इन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने की। कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मनीष वर्मा को मुंशी पुलिया परिक्षेत्र व्यापार मंडल का अध्यक्ष घोषित किया गया। इस दौरान नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए और संगठन को मजबूत बनाने के साथ व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
नई कार्यकारिणी में पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
नवगठित कार्यकारिणी में प्रदीप अग्रवाल को वरिष्ठ महामंत्री तथा यशपाल सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वरिष्ठ सचिव के रूप में सुफल वर्मा, हरीश चंद्र गुप्ता, राहुल अग्रवाल, संजीव गुप्ता, शुभम श्रीवास्तव, अनिल पांडेय, अनुज सिन्हा, आनंद गुप्ता, सुभाष उप्रेती, शिवम सिंह और चांद नबी खान को शामिल किया गया।
विधि सलाहकार की जिम्मेदारी विवेक सिंह बघेल और रामायण श्रीवास्तव को सौंपी गई, जबकि विनय पटेल को सचिव बनाया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में समाजीत वर्मा और प्रवक्ता के रूप में विजय पांडेय को दायित्व मिला। देवजीत पांडेय को महामंत्री बनाया गया। वहीं, संतोष त्रिपाठी, तरुण पांडेय, विपिन चौधरी, शिवशंकर यादव और जावेद अली को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
व्यापारियों की एकता ही संगठन की असली ताकत: अमरनाथ मिश्र
मुख्य अतिथि अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापार मंडल की ताकत व्यापारियों की एकता और उनके विश्वास में निहित है। संगठन का विस्तार व्यापारियों की आवाज को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपेक्षा की।
ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने और उनके हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहने पर जोर दिया।
व्यापारियों के सहयोग के प्रति जताया आभार
लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों, संगठन के पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। लखनऊ व्यापार मंडल व्यापारियों की एकता, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक व्यापारी की आवाज को मजबूती से उठाना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना और व्यापार मंडल को अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी व्यापारियों के सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन नई ऊर्जा और समर्पण के साथ उनके हितों में कार्य करता रहेगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष मनीष वर्मा ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के निराकरण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी, अभिषेक सिंह चौहान, पवन, दीपक, सतनाम सिंह, परमजीत सिंह, ऋषि मेहरा, महामंत्री सोमेश मिश्रा और अमिताभ श्रीवास्तव सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
