अमरनाथ यात्रा: 13,500 फीट की ऊंचाई पर बाबा के भक्तों की सेवा के लिए बाराबंकी से आज रवाना होगा 13वां विशाल भंडारा

खास बातें:

  • पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप नारियल फोड़कर करेंगे लंगर यात्रा को रवाना।

  • गाजे-बाजे के साथ शहर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह होगा जोरदार स्वागत।

  • समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया- सेवा के लिए इस बार 2 के बजाय 3 ट्रक होंगे रवाना।

 
000

बाराबंकी (19 जून 2026):

पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों की सेवा में बाराबंकी जनपद इस बार फिर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के बालटाल मार्ग पर, 13,500 फीट की अत्यधिक ऊंचाई पर उत्तर प्रदेश का एकमात्र और दूसरा सबसे ऊंचाई पर लगने वाला विशाल भंडारा लगाने के लिए ‘श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति’ की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज (शुक्रवार) इस लंगर सामग्री को बेहद भव्य तरीके से रवाना किया जाएगा।

नागेश्वरनाथ मंदिर में होगी पूजा, अरविंद सिंह गोप करेंगे प्रस्थान

विगत 12 वर्षों से निरंतर चल रहे इस सेवा कार्य के क्रम में इस वर्ष समिति द्वारा 13वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। लंगर प्रस्थान से पूर्व शहर के ऐतिहासिक नागेश्वरनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर और झंडी दिखाकर इस सेवा यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।

लंगर प्रस्थान के अवसर पर पूरे बाराबंकी शहर में गाजे-बाजे के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके स्वागत के लिए नगर वासियों द्वारा जगह-जगह मंच और पुष्प वर्षा की तैयारियां की गई हैं।

2 महीने पहले से चल रही थीं तैयारियां, इस बार भेजे जा रहे 3 ट्रक

समिति के प्रधान अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने बताया कि इतनी विषम परिस्थितियों और अत्यधिक ऊंचाई पर भंडारे का सफल संचालन करना एक बड़ी चुनौती होती है, जिसके लिए लगभग दो माह पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। पूरे उत्तर प्रदेश से समिति से जुड़े सेवादार निस्वार्थ भाव से इसमें अपना योगदान देते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से जानकारी साझा करते हुए बताया कि पिछले वर्षों में प्रत्येक वर्ष 2 ट्रक भरकर लंगर सामग्री भेजी जाती रही है, लेकिन शिवभक्तों की बढ़ती संख्या और उत्साह को देखते हुए इस वर्ष 3 ट्रकों में भरकर भरपूर राशन और आवश्यक सामग्रियां बालटाल भेजी जा रही हैं। यह भंडारा पूरी यात्रा के दौरान बाबा के भक्तों के लिए निरंतर संचालित रहेगा।

Tags