केबीसी के मंच से अमिताभ बच्चन ने बाबू पट्टी के लोगों से मांगी माफी, जल्द लाइब्रेरी खुलवाने का दिया भरोसा

पैतृक गांव का जिक्र होते ही भावुक हुए बिग बी, बोले- बाबू पट्टी के लोग हमसे नाराज हैं, हम माफी मांगते हैं
 
केबीसी के मंच से अमिताभ बच्चन ने बाबू पट्टी के लोगों से मांगी माफी, जल्द लाइब्रेरी खुलवाने का दिया भरोसा

प्रतापगढ़/रानीगंज। लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के शुक्रवार के प्रसारण में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने पैतृक गांव बाबू पट्टी से जुड़ी यादें साझा कीं। शो के दौरान प्रतापगढ़ के डड़वा गहोखरी निवासी और दिल्ली में रहने वाले चंद्र प्रकाश तिवारी हॉट सीट पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने बताया कि वह बाबू पट्टी गांव के समीप के रहने वाले हैं, अमिताभ बच्चन ने अपने पूर्वजों और गांव से जुड़ा प्रसंग साझा किया।

अमिताभ बच्चन ने कहा कि बाबू पट्टी में उनके पूर्वजों का जन्म हुआ था और उनके पिता हरिवंश राय बच्चन भी वहीं से आए थे। उन्होंने बताया कि गांव में कुछ करने की उनकी इच्छा थी, लेकिन कुछ कारणों से यह काम पूरा नहीं हो सका। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि बाबू पट्टी के लोग उनसे नाराज हैं और वह इसके लिए उनसे माफी मांगते हैं।

जल्द लाइब्रेरी खुलवाने का भरोसा

बिग बी ने बताया कि उनकी पत्नी जया बच्चन भी बाबू पट्टी गई थीं और उनकी इच्छा थी कि गांव में एक लाइब्रेरी स्थापित हो। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी के लिए भवन तैयार हो चुका है, लेकिन अभी तक वहां लाइब्रेरी शुरू नहीं हो सकी है। अमिताभ बच्चन ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही लाइब्रेरी खुलवाने की कोशिश करेंगे।

मजाकिया अंदाज में उन्होंने चंद्र प्रकाश तिवारी से कहा कि वह गांव जाकर लोगों को बता दें कि लाइब्रेरी जल्द शुरू कराई जाएगी। उन्होंने चंद्र प्रकाश को केबीसी में अच्छा प्रदर्शन करने की नसीहत देते हुए हंसते हुए कहा कि अगर वह ठीक से नहीं खेलेंगे तो बाबू पट्टी के लोग उन्हें और नाराज होकर याद करेंगे। चंद्र प्रकाश ने भी शो के दौरान कहा कि उन्होंने गांव के लोगों को केबीसी में आने की जानकारी पहले नहीं दी थी, लेकिन अब उन्हें भरोसा है कि लाइब्रेरी जरूर शुरू होगी।

अमिताभ और चंद्र प्रकाश की बातचीत ने खूब गुदगुदाया

केबीसी के दौरान अमिताभ बच्चन और चंद्र प्रकाश तिवारी के बीच कई मजेदार संवाद भी हुए। अमिताभ ने जब चंद्र प्रकाश से उनके काम के बारे में पूछा तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में खुद को “दिल्ली की आंख” बताया और फिर स्पष्ट किया कि वह सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करते हैं। इसके बाद अमिताभ ने उनसे कई सवाल पूछे, जिन पर स्टूडियो में मौजूद दर्शक भी खूब हंसे। शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने चंद्र प्रकाश को पांच लाख रुपये का चेक भी जारी किया।

11वें सवाल पर चूके चंद्र प्रकाश

चंद्र प्रकाश तिवारी ने केबीसी में कुल 10 सवालों के सही जवाब देकर पांच लाख रुपये जीते। इसके बाद 11वें सवाल ने उनका खेल रोक दिया। उनसे पूछा गया कि रानी लक्ष्मीबाई ने किस स्थान पर वीरगति प्राप्त की थी? चंद्र प्रकाश ने इस सवाल पर फिफ्टी-फिफ्टी लाइफलाइन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके बावजूद वह सही उत्तर नहीं दे सके। इसके बाद गलत जवाब देने के कारण उन्हें खेल से बाहर होना पड़ा। खास बात यह रही कि इस सवाल तक उनके पास दो लाइफलाइन अभी भी मौजूद थीं।

पैतृक गांव में रहा उत्साह का माहौल

चंद्र प्रकाश तिवारी प्रतापगढ़ की पट्टी तहसील क्षेत्र के डड़वा गहोखरी गांव निवासी अरविंद तिवारी के बेटे हैं। उनके केबीसी में चयन की खबर से उनके पैतृक गांव और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। शुक्रवार को प्रसारण के दौरान उनके रिश्तेदारों, परिचितों और ग्रामीणों ने टीवी के सामने बैठकर कार्यक्रम देखा और बिग बी के सामने चंद्र प्रकाश को हॉट सीट पर देखकर खुशी जताई।चंद्र प्रकाश भले ही पांच लाख रुपये जीतकर खेल से बाहर हो गए, लेकिन केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन द्वारा बाबू पट्टी का जिक्र किए जाने और गांव में लाइब्रेरी शुरू कराने के भरोसे ने इस पूरे प्रसंग को खास बना दिया

Tags