‘हमारी राधा’ में आएगा भावुक मोड़, बेटे की पढ़ाई की जिम्मेदारी से गिरधर ने झाड़ा पल्ला; कियान के भविष्य को लेकर परेशान हुई राधा

अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो में स्कूल फीस को लेकर बढ़ेगा तनाव, गिरधर के इनकार से राधा के सामने खड़ी होगी नई चुनौती

 
‘हमारी राधा’ में आएगा भावुक मोड़, बेटे की पढ़ाई की जिम्मेदारी से गिरधर ने झाड़ा पल्ला; कियान के भविष्य को लेकर परेशान हुई राधा

उत्तर प्रदेश, नवंबर 2026। अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल फिक्शन शो ‘हमारी राधा’ में आने वाले एपिसोड्स में कहानी एक भावुक मोड़ लेने वाली है। बेटे कियान की पढ़ाई पर संकट आने के बाद राधा (सिमरन कौर) की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। स्कूल की फीस जमा नहीं होने के कारण प्रिंसिपल भी चेतावनी देंगे कि भुगतान न होने पर कियान को कक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बेटे की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए राधा गिरधर (अक्षय म्हात्रे) से मदद मांगने का फैसला करती है। दोनों के बीच मतभेद हैं और वे अलग रह रहे हैं, इसके बावजूद राधा कियान के भविष्य को ध्यान में रखते हुए गिरधर से संपर्क करती है। उसे उम्मीद है कि गिरधर अपने बेटे के प्रति जिम्मेदारी समझेगा।

राधा गिरधर से अपने दिए हुए पैसे वापस मांगती है, ताकि कियान की स्कूल फीस जमा कर सके। लेकिन गिरधर उसकी मदद करने से साफ इनकार कर देता है और उसे एक बार फिर घर से चले जाने के लिए कहता है। गिरधर के इस रवैये से राधा को गहरा झटका लगता है। अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती बेटे की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित रखने की है।

सिमरन कौर ने बताया भावुक होगा यह घटनाक्रम

राधा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री सिमरन कौर ने इस कहानी को लेकर कहा, “इस बार राधा गिरधर के पास सिर्फ अपने बच्चे के लिए जाती है। जब कियान की पढ़ाई पर संकट आता है, तो वह दोनों के बीच हुई सारी बातों को किनारे रखकर गिरधर से मदद लेने पहुँच जाती है। उसे उम्मीद होती है कि गिरधर कम से कम अपने बेटे की जिम्मेदारी तो समझेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन, उसका मदद करने से इनकार करना और जिस तरह वह राधा को घर से जाने के लिए कहता है, उससे राधा को बहुत बड़ा झटका लगता है। मुझे लगता है कि यह पल दर्शकों के लिए भी काफी भावुक होगा, क्योंकि इसका राधा पर गहरा असर पड़ेगा और उसकी जिंदगी बदल जाएगी। इस कहानी के नए दौर को निभाना मेरे लिए काफी दिलचस्प होगा और मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को भी इसे देखना अच्छा लगेगा।”

क्या कियान की पढ़ाई बचा पाएगी राधा?

गिरधर के इनकार के बाद अब दर्शकों के मन में कई सवाल हैं। क्या राधा अपने बेटे कियान की स्कूल फीस का इंतजाम कर पाएगी? क्या गिरधर को अपने बेटे के प्रति जिम्मेदारी का एहसास होगा? इन सवालों के जवाब आने वाले एपिसोड्स में मिलेंगे।देखना न भूलें ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेस लिमिटेड (ZEEL) के फ्री-टू-एयर (FTA) हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल अनमोल टीवी का पहला ओरिजिनल फिक्शन शो ‘हमारी राधा’, हर रात 9:30 बजे, सिर्फ अनमोल टीवी पर।

Tags