ग्रीन कॉरिडोर के निशातगंज चौराहे पर बनेगा ओवरब्रिज, मांग स्वीकार होने पर जनकल्याण महासमिति ने जताया आभार

An overbridge will be built at the Nishatganj intersection of the Green Corridor; the Jan Kalyan Mahasamiti has expressed its gratitude following the acceptance of its demand.
 
ग्रीन कॉरिडोर के निशातगंज चौराहे पर बनेगा ओवरब्रिज, मांग स्वीकार होने पर जनकल्याण महासमिति ने जताया आभार

लखनऊ। ग्रीन कॉरिडोर के निशातगंज चौराहे पर ओवरब्रिज बनाने की मांग को स्वीकार किए जाने पर ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का आभार व्यक्त किया है। महासमिति का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से निशातगंज चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और ग्रीन कॉरिडोर पर यातायात का आवागमन सुचारू हो सकेगा।

महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के कुछ चौराहों पर रोटरी की बनावट और यातायात के दबाव को देखते हुए भविष्य में जाम की समस्या उत्पन्न होने की आशंका थी। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने 7 जनवरी 2026 को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और एलडीए उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर तथा ई-मेल के माध्यम से ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई थी।

निशातगंज चौराहे पर जाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए एलडीए द्वारा ओवरब्रिज बनाने का निर्णय स्वागत योग्य है। महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा और महासचिव विवेक शर्मा ने इस निर्णय के लिए प्राधिकरण के प्रति आभार जताया।

ओवरब्रिज बनने से यातायात को मिलेगी राहत

महासमिति के पदाधिकारियों का मानना है कि निशातगंज चौराहे पर ओवरब्रिज बनने के बाद ग्रीन कॉरिडोर और निशातगंज पुल पर वाहनों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। इससे चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

हनुमान सेतु और पक्के पुल पर भी ओवरब्रिज की मांग

महासमिति ने कहा कि डालीगंज से पक्के पुल तक ग्रीन कॉरिडोर का अगला हिस्सा भी शुरू होने जा रहा है। ऐसे में पक्के पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ने और जाम की समस्या बने रहने की आशंका है। महासमिति के अनुसार, पूरे ग्रीन कॉरिडोर पर निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हनुमान सेतु और पक्के पुल पर भी ओवरब्रिज बनाए जाने की आवश्यकता है। इन दोनों स्थानों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसलिए संबंधित अधिकारियों से इन स्थानों पर भी यातायात सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।

Tags