अंदाज़-ए-लखनऊ ने महिला सशक्तिकरण और तहज़ीब की मिसाल पेश की
कार्यक्रम का उद्घाटन सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्रीमती सत्य सिंह द्वारा किया गया।क़व्वाली नाइट की मुख्य अतिथि पूजा शुक्ला रहीं, जिन्होंने इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल महिलाओं को प्रोत्साहित करता है बल्कि लखनऊ की तहज़ीब को भी संजोए रखता है।

प्रदर्शनी में कई महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक अपने स्टॉल लगाए और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।मशायरा कार्यक्रम में कामरान ख़ान (उप हज समिति सदस्य) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अदबी और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ग़ज़ल नाइट का नेतृत्व विशेष अतिथि जुही सिंह, अध्यक्ष एवं प्रवक्ता—समाजवादी पार्टी महिला विंग, ने किया। उन्होंने बताया कि अंदाज़-ए-लखनऊ की यह पहल महिलाओं को नई पहचान और अवसर प्रदान करने की दिशा में सराहनीय कदम है।इसके अलावा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सुमैया राना भी उपस्थित रहीं। उन्होंने आयोजन को लखनऊ की साझा संस्कृति और सौहार्द का वास्तविक प्रतीक बताया।

इस सफल आयोजन के पीछे संगठन की संस्थापक इमराना अज़मत और सह-संस्थापक नेहा परवीन का विशेष योगदान रहा। उनकी दूरदृष्टि और समर्पण ने इस कार्यक्रम को एक यादगार अनुभव बना दिया।यह पूरा आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत को भी नए अंदाज़ में प्रस्तुत करता है।
