अनिल कपूर ने ‘इंडिया के टॉप 1%’ की सफलता पर जताई खुशी, बोले— परिवारों को साथ लाना ही मेरी सबसे बड़ी जीत

Anil Kapoor expresses joy over his success among ‘India’s top 1%’, says—bringing families together is my greatest victory.
 
gdf

मुंबई, अक्टूबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता और होस्ट अनिल कपूर के जोश, हाजिरजवाबी और प्रतिभागियों के साथ दिल छू लेने वाली बातचीत ने स्टार प्लस के क्विज शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ को दर्शकों के लिए खास बना दिया है। शो को मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद पर खुशी जताते हुए अनिल कपूर ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि कार्यक्रम परिवारों को एक साथ बैठकर खेलने, सोचने और मनोरंजन करने का अवसर दे रहा है।

19 सितंबर को शुरू हुए इस शो के पहले छह एपिसोड में तीन विजेता सामने आ चुके हैं। शो की शुरुआत बिजल शाह की शानदार जीत के साथ हुई, जिन्होंने पहले ही एपिसोड में 94 लाख रुपये अपने नाम किए। जारी जानकारी के मुताबिक, जियोस्टार पर लॉन्च हुए गैर-सेलिब्रिटी गेम शो के आंकड़ों के आधार पर ‘इंडिया के टॉप 1%’ पिछले एक दशक में भारत का सबसे बड़ा फैमिली गेम शो बनकर उभरा है।

प्ले अलॉन्ग’ फीचर से घर बैठे खेल रहे दर्शक

शो का रोमांच केवल स्टूडियो तक सीमित नहीं है। जियोहॉटस्टार के ‘प्ले अलॉन्ग’ फीचर के माध्यम से अब तक 2.20 लाख से अधिक दर्शक इससे जुड़ चुके हैं। इस सुविधा के जरिए दर्शक घर बैठे सवालों के जवाब देकर अपनी समझ और तर्कशक्ति को परख सकते हैं। साथ ही, उन्हें स्मार्टफोन और स्मार्ट टीवी जीतने का मौका भी मिलता है।

बीबीसी स्टूडियोज यूके के सहयोग से बनिजय एशिया द्वारा निर्मित यह क्विज शो पारंपरिक सवाल-जवाब के प्रारूप को नया अंदाज देता है। इसमें प्रतिभागियों को केवल सामान्य ज्ञान ही नहीं, बल्कि तर्कशक्ति, बारीकियों पर ध्यान देने की क्षमता, सूझबूझ और सामान्य समझ का भी इस्तेमाल करना पड़ता है। सवालों का स्वरूप परिवार के सदस्यों को साथ बैठकर जवाब तलाशने और एक-दूसरे को चुनौती देने के लिए प्रेरित करता है।

sfgdf

अनिल कपूर बोले— दर्शकों का प्यार बनाता है शुरुआत खास

शो को मिल रहे प्यार और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर आभार व्यक्त करते हुए अनिल कपूर ने कहा, “‘इंडिया के टॉप 1%’ को जिस तरह का प्यार मिल रहा है, वह शानदार है! देशभर से लगातार संदेश आ रहे हैं और दर्शकों का यह प्यार जब आंकड़ों में भी नजर आता है, तो शुरुआत और भी खास लगती है। हमें अपने परिवार के साथ बिताए पलों और दोस्तों के साथ खेल-मस्ती का हिस्सा बनाने के लिए शुक्रिया। अपना प्यार यूं ही बनाए रखिए!”

उन्होंने अपने परिवार के साथ शो खेलने के अनुभव को साझा करते हुए कहा, “हम घर पर भी साथ बैठकर खेलते हैं! खाने की मेज पर सुनीता, सोनम और रिया भी सवालों के जवाब देने में शामिल हो जाती हैं। सोनम ज्यादातर सवालों के सही जवाब देती है। शो का होस्ट भले ही मैं हूं, लेकिन वह मुझे कड़ी टक्कर देती है! मेरे लिए सबसे बड़ी जीत यही है कि यह शो परिवारों को साथ ला रहा है और एक आम शाम को खेल और मस्ती से भरपूर बना रहा है।”

दीपक धर ने बताया शो की सफलता का राज

बनिजय एशिया के संस्थापक और ग्रुप सीईओ दीपक धर ने शो की सफलता पर कहा, “‘इंडिया के टॉप 1%’ की सफलता दिखाती है कि समझदारी, मनोरंजन और पूरे परिवार की भागीदारी को एक साथ लाने वाला फॉर्मेट कितना असरदार हो सकता है। सबसे उत्साहजनक बात यह है कि ‘प्ले अलॉन्ग’ फीचर इस अनुभव को टीवी स्क्रीन से आगे ले जा रहा है। दर्शक अब सिर्फ शो देख नहीं रहे, बल्कि खुद भी खेल का हिस्सा बन रहे हैं और इसका रोमांच देशभर के घरों तक पहुंच रहा है। दर्शकों को इतनी गर्मजोशी से शो अपनाते देखना बेहद खुशी की बात है। भारत में इसके सफर की यह तो बस शुरुआत है।”

प्रतिभागियों की कहानियां भी जीत रहीं दिल

शो में सवालों और जीत के रोमांच के साथ प्रतिभागियों की व्यक्तिगत कहानियां भी दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ रही हैं। नदियों की सफाई के लिए बिट्टू तबाही के प्रयास हों या मुंबई के ऑटो चालक संदीप बच्चे के सेवा कार्य, अनिल कपूर के साथ उनकी बातचीत ने कार्यक्रम में संवेदना और अपनापन जोड़ा है।

शो की लोकप्रियता की झलक भारत से बाहर भी देखने को मिली। जियोहॉटस्टार के मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका में विस्तार के तहत ‘इंडिया के टॉप 1%’ की झलक दुबई की प्रतिष्ठित इमारत बुर्ज खलीफा पर भी दिखाई गई।मनोरंजन के साथ सोचने-समझने और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर देने वाला यह शो दर्शकों के लिए एक अलग अनुभव बनकर सामने आया है।

कहां और कब देखें: ‘इंडिया के टॉप 1%’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होता है। इसे जियोहॉटस्टार पर भी कभी भी देखा जा सकता है।

Tags