राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरोसा-भरोसा में वार्षिकोत्सव–2026 संपन्न

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अंजू सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं स्वागत उद्बोधन के माध्यम से किया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री संतोष मिश्रा तथा सभासद सरोजनीनगर श्रीमती आशा रावत विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं।

वार्षिकोत्सव के अवसर पर छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, वसंत उत्सव तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रमुख रहे, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा।

छात्राओं को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री संतोष मिश्रा ने उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सभासद श्रीमती आशा रावत ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “वार्षिकोत्सव यह मूल्यांकन करने का अवसर होता है कि हमने वर्ष भर में क्या खोया और क्या पाया।” उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उदाहरण देते हुए छात्राओं को निरंतर परिश्रम, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उनका संबोधन छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं रोचक रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
