केंद्रीय बजट 2026–27 में महिला छात्रावास की घोषणा से लखनऊ की करीब 500 छात्राओं को मिलेगा लाभ
लखनऊ। केंद्रीय बजट 2026–27 में महिला छात्रावास के निर्माण की घोषणा से लखनऊ में अध्ययनरत करीब 500 छात्राओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए की गई इस घोषणा का महिलाओं ने स्वागत किया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026–27 में महिलाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की हैं। इनमें छात्राओं के लिए आवासीय सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
बजट में महिलाओं को SHE (She Has Enterprise) मार्ट्स से जोड़ने की घोषणा भी की गई है, जिससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के विपणन और बिक्री के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इस पहल से महिलाओं के लिए रोज़गार एवं स्वरोज़गार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
इस संबंध में हुमा मुबीन, सेल्फ एम्प्लॉयड (एम.ए., डिप्लोमा इन न्यूट्रिशन एंड हेल्थ एजुकेशन), निवासी कोयल बाग कॉलोनी, हरदोई ने कहा कि केंद्रीय बजट में महिलाओं और छात्राओं के हित में की गई घोषणाएँ स्वागतयोग्य हैं। महिला छात्रावास के निर्माण से न केवल छात्राओं को सुरक्षित आवास मिलेगा, बल्कि उनकी शिक्षा में निरंतरता और आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा। वहीं SHE मार्ट्स जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। महिलाओं का मानना है कि इन निर्णयों से शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।
