यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के केंद्रों पर आपत्ति दर्ज कराने का एक और मौका, 21 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची वेबसाइट पर अपलोड, छात्र, अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन साक्ष्यों के साथ दर्ज करा सकते हैं शिकायत
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर आपत्ति दर्ज कराने का एक और अवसर दिया है। परिषद के सचिव भगवती सिंह के निर्देश पर लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची 16 नवंबर 2026 को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
इस सूची में विद्यालयों के साथ विद्यार्थियों के आवंटन का विवरण भी शामिल है। लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और उन्नाव जनपदों की सूची संबंधित जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद जारी की गई है।
21 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कराएं आपत्ति
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर देखी जा सकती है।उन्होंने बताया कि सूची में शामिल किसी परीक्षा केंद्र या विद्यालय-छात्र आवंटन को लेकर आपत्ति अथवा शिकायत होने पर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक उचित कारणों एवं साक्ष्यों के साथ अपना प्रत्यावेदन ऑनलाइन भेज सकते हैं। इसके लिए संबंधित विद्यालय की आईडी से परिषद के पोर्टल पर आवेदन करना होगा।आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 21 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस तारीख के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभी जिलों को समय से कार्रवाई के निर्देश
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का निर्धारित समय सीमा में अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
महत्वपूर्ण जानकारी:
-
परीक्षा: यूपी बोर्ड परीक्षा 2027
-
सूची जारी होने की तिथि: 16 नवंबर 2026
-
संबंधित जिले: लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और उन्नाव
-
आपत्ति की अंतिम तिथि: 21 नवंबर 2026
-
आधिकारिक वेबसाइट: upmsp.edu.in
