अपना दल (एस) ने कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

 
wqedqw

हरदोई। अपना दल (एस) के हरदोई जिला कार्यालय, बघौली चौराहे पर बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष एवं बरौली के ग्राम प्रधान राजेंद्र गौतम के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र गौतम ने कांशीराम के जीवन और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से जागरूक और संगठित करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके प्रयासों ने इन वर्गों की राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों की आवाज को मजबूती प्रदान की।

राजेंद्र गौतम ने बताया कि कांशीराम ने अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का समर्थन किया था। इसके बाद उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के शिक्षित कर्मचारियों को संगठित करने की दिशा में काम किया। इसी प्रयास से आगे चलकर बामसेफ (BAMCEF) का गठन हुआ, जिसका उद्देश्य आंबेडकरवादी विचारधारा को आगे बढ़ाना और वंचित वर्गों में सामाजिक जागरूकता पैदा करना था।

उन्होंने कहा कि कांशीराम ने संगठनात्मक प्रयासों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में काम किया। 14 अप्रैल 1984 को उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की। इसके जरिए उन्होंने बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक न्याय के मुद्दों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास किया। कांशीराम लोकसभा के सदस्य भी रहे और उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक समानता तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के विचारों को याद करते हुए सामाजिक समरसता, समान अवसर और जनभागीदारी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रधान ओमप्रकाश, गुड्डू कश्यप सहित पार्टी के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags