मैहर में अपना दल (एस) की कार्यकर्ता बैठक सम्पन्न, सदस्यता अभियान को मिली नई रफ्तार

ओबीसी को 27% आरक्षण देने की मांग तेज़, पार्टी ने 2028 को बनाया लक्ष्य
 
Sbebeb
मैहर, 13 जुलाई 2025: मध्य प्रदेश में संगठनात्मक आधार को मजबूत करने के उद्देश्य से अपना दल (एस) लगातार सक्रियता दिखा रहा है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने रविवार को मैहर में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की। यह आयोजन सुबह 11 बजे घंटाघर के पास स्थित सर्किट हाउस में हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने संगठन के विस्तार और विचारधारा के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे आर. बी. सिंह पटेल ने कहा, "राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी मध्य प्रदेश में तेज़ी से अपने पांव जमा रही है। हमारा लक्ष्य है कि 2028 तक अपना दल (एस) प्रदेश की राजनीति में एक मज़बूत तीसरी ताकत के रूप में उभरे। हम समाज के दलित, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज़ को बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही, प्रदेश सरकार से हमारा अनुरोध है कि ओबीसी वर्ग को 27% आरक्षण दिए जाने की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए।"
कार्यक्रम के संयोजक मान सिंह बिसेन और डी. पी. पटेल ने बैठक की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
मान सिंह बिसेन ने कहा, मैहर की यह बैठक पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को नई दिशा देगी। हम पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ सदस्यता अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि पार्टी की नीतियां और सामाजिक न्याय की भावना जन-जन तक पहुंचे।
इस आयोजन के माध्यम से अपना दल (एस) ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि वह मध्य प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को मज़बूती देने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं के उत्साह और भागीदारी से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पार्टी का यह अभियान आने वाले समय में उल्लेखनीय परिणाम लाएगा।

Tags