अपोलोमेडिक्स और टाटा मोटर्स ने आयोजित किया ‘वन टाटा वॉकाथन’, 350 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
वॉकाथन को होटल ताज महल, लखनऊ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रतिभागियों ने पैदल चलते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-6 तक की यात्रा की और वहां से वापस होटल ताज महल पहुंचकर वॉकाथन पूरी की। इस आयोजन में टाटा मोटर्स, टाटा पावर, तनिष्क, होटल ताज महल, वोल्टास, क्रोमा और टाइटन सहित टाटा समूह की कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के एमडी एवं सीईओ डॉ. मयंक सोमानी, हार्ट सर्जन डॉ. भरत दुबे और लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अभिषेक यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे। टाटा समूह की ओर से टाटा मोटर्स प्लांट, लखनऊ के हेड दीपक कुमार, टाटा मोटर्स के सीएमओ डॉ. रोहित कुमार, होटल ताज महल, लखनऊ के जीएम अफजल खान, टाटा पावर के सीईओ सुबोध दीक्षित और तनिष्क के संजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के एमडी एवं सीईओ डॉ. मयंक सोमानी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं।
डॉ. सोमानी ने कहा, “अपोलोमेडिक्स का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि लोगों को न सिर्फ बेहतरीन चिकित्सा मिले, बल्कि वे बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक रहें। शारीरिक सक्रियता हम सभी के लिए अनिवार्य है।
‘वन टाटा वॉकाथन’ के जरिए हमारा मुख्य उद्देश्य समाज में फिटनेस और सेहत को बढ़ावा देना है। स्वास्थ्य जागरूकता की हमारी इस पहल में टाटा मोटर्स और टाटा समूह की अन्य कंपनियों का जुड़ना बेहद सुखद है। जब इतने सारे लोग एक साथ अपनी सेहत के लिए कदम बढ़ाते हैं, तो पूरे समाज में स्वास्थ्य को लेकर एक बहुत ही सकारात्मक संदेश जाता है।”

इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों ने नियमित पैदल चलने, शारीरिक सक्रियता बनाए रखने और स्वस्थ आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने सामूहिक भागीदारी के जरिए स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल प्रस्तुत की।
