Holi पर सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल उत्सव की अपील
Appeal for safe and eco-friendly celebration of Holi
Tue, 3 Mar 2026
होली के पावन अवसर पर अकादमी ऑफ ओरल इम्प्लांटोलॉजी स्टडी क्लब, लखनऊ के प्रमुख डॉ. एम. शहीक एवं ट्रीट डेंटल सेंटर, जी-28 मानस कॉम्प्लेक्स, कुर्सी रोड, अलीगंज, लखनऊ के संचालक ने देशवासियों से उत्साह के साथ-साथ सतर्कता बरतते हुए होली मनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि होली रंगों, प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक पर्व है, जिसे जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगाह किया कि रासायनिक रंगों और मिलावटी गुलाल के प्रयोग से त्वचा, आंखों तथा श्वसन तंत्र पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है।
डॉ. एम. शहीक ने नागरिकों से हर्बल और प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने, आंखों की विशेष सुरक्षा रखने तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जबरदस्ती रंग लगाने और हुड़दंग करने जैसी गतिविधियों से बचना चाहिए, ताकि त्योहार की गरिमा बनी रहे।
उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की भी अपील की। उनका कहना था कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी को त्वचा संबंधी एलर्जी, आंखों में जलन या अन्य स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से होली को पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील करते हुए कहा कि यह पर्व खुशियों, सकारात्मक संदेश और आपसी भाईचारे का माध्यम बने।
