राज्य अध्यापक और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए 10 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सारणी जारी, शिक्षक 30 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
लखनऊ। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की समय-सारणी जारी कर दी गई है। आवेदन प्रक्रिया 10 नवंबर 2026 से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह जानकारी लखनऊ मंडल के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल की ओर से जारी आवेदन कार्यक्रम लखनऊ मंडल कार्यालय को प्राप्त हो गया है। योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय विद्यालयों, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और सहायता प्राप्त संस्कृत विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं अध्यापकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, मंडल के अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों (वित्तविहीन) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं अध्यापकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार प्रदान किए जाने की व्यवस्था है।
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि पुरस्कार योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट https://upmsp.edu.in के माध्यम से पूरी की जाएगी।
पुरस्कार चयन की समय-सारणी
-
10 से 30 नवंबर 2026: शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
-
1 से 15 दिसंबर 2026: जनपदीय समिति आवेदनों का परीक्षण और स्थलीय सत्यापन कर पात्र शिक्षकों का चयन करेगी तथा प्रस्ताव मंडलीय समिति को ऑनलाइन भेजेगी।
-
16 से 30 दिसंबर 2026: मंडलीय समिति पात्र शिक्षकों का चयन कर प्रस्ताव निदेशालय स्तरीय चयन समिति को भेजेगी।
-
31 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027: निदेशालय स्तरीय चयन समिति पात्र शिक्षकों का चयन कर राज्य चयन समिति को प्रस्ताव प्रेषित करेगी।
-
15 से 24 जनवरी 2027: राज्य स्तरीय चयन समिति चयन की कार्यवाही पूरी करेगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने मंडल के सभी छह जिलों—लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली—के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदन और चयन से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा है।
