इटावा पुलिस लाइन में अष्टांग योग व आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित
शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रखने हेतु आयुर्वेद और योग के वैज्ञानिक सिद्धांतों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में आयुर्वेद के मूल सूत्र “प्रज्ञापराधो ही सर्वरोगाणां मूलकारणम्” पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि गलत आहार-विहार, अनुचित दिनचर्या और विवेकहीन व्यवहार ही अधिकांश रोगों का मूल कारण होते हैं। यदि व्यक्ति अपनी बुद्धि, इंद्रियों और मन का सही उपयोग करे, तो रोगों से बचाव संभव है।
उन्होंने महर्षि चरक के इस सूत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रज्ञा का अर्थ बुद्धि और अपराध का अर्थ गलत आचरण है। बुद्धि होते हुए भी जब व्यक्ति गलत आदतों को अपनाता है, तो वह स्वयं रोगों को आमंत्रित करता है। यह सिद्धांत हजारों वर्ष पहले बताया गया था, लेकिन आधुनिक जीवनशैली में हम इसे भूलते जा रहे हैं।

शिविर में अष्टांग योग के अंतर्गत यम-नियम, आसन एवं उनके व्यावहारिक पहलुओं को सरल भाषा में समझाया गया। यम-नियम को जीवन में अपनाकर मानसिक अनुशासन, संयम और तनाव-मुक्त जीवन प्राप्त करने पर बल दिया गया। साथ ही नियमित आसन अभ्यास से शरीर की कार्यक्षमता, लचीलापन और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की जानकारी दी गई।
डॉ. सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी अत्यंत व्यस्त और तनावपूर्ण होती है, लेकिन यदि वे प्रतिदिन कुछ समय योगाभ्यास, संतुलित आहार और आयुर्वेदिक जीवनशैली को दें, तो उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, अनिद्रा और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने पाँच यम—अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह तथा पाँच नियम—शौच, संतोष, तप, स्वाध्याय और ईश्वर प्राणिधान को अपनाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य-उन्मुख कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता जताई। डॉ. एस.पी. सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, आर.आई. श्री सुभाष चंद्र यादव एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पुलिस जवानों के स्वास्थ्य हित में इस शिविर का आयोजन कराया। इस अवसर पर पुलिस लाइन के समस्त आरटीसी जवान, वरिष्ठ निरीक्षक यशवीर सिंह, आशीष, सुनील कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
