एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान मुकाबले को रद्द कराने की मांग सुप्रीम कोर्ट ने ठुकराई
Asia Cup 2025: Supreme Court rejects demand to cancel India-Pakistan match
Thu, 11 Sep 2025
India vs Pakistan Asia Cup 2025 : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के कारण भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। इसी बीच, एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को दुबई में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर देश में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कई संगठनों और राजनीतिक दलों ने इस मैच का विरोध शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर इस मैच को रद्द करने की मांग की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
अधिवक्ता द्वारा दायर याचिका में कहा गया कि मैच रविवार (14 सितंबर) को खेला जाना है, ऐसे में अगर इसे शुक्रवार तक सूचीबद्ध नहीं किया गया तो याचिका का कोई महत्व नहीं रहेगा।
हालांकि, न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई की पीठ ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। अदालत ने टिप्पणी की “इसमें इतनी जल्दी क्या है? मैच रविवार को ही है। हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। इसे होने दीजिए, मैच होना चाहिए।”
वकील ने यह कहते हुए आग्रह किया कि भले ही उनका मामला कमजोर हो, लेकिन इसे सूचीबद्ध कर दिया जाए। मगर अदालत ने इस मांग को ठुकरा दिया।
याचिका में क्या दलील दी गई?
यह याचिका उर्वशी जैन के नेतृत्व में चार लॉ स्टूडेंट्स ने दाखिल की। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच आयोजित करना राष्ट्रीय गरिमा और जनभावना के विपरीत है।
क्रिकेट को मित्रता और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है, लेकिन जब हमारे सैनिक शहादत दे रहे हैं और पाकिस्तान आतंकी संगठनों को पनाह दे रहा है, तब इस तरह का आयोजन गलत संदेश देगा।
शहीदों के परिजनों और पीड़ित परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी।
“मनोरंजन से पहले देश की गरिमा और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।”
राजनीति ने पकड़ी
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी इस मैच का विरोध करेगी और ‘सिंदूर रक्षा अभियान’ चलाएगी, जिसके तहत महिलाएं सड़कों पर उतरेंगी।
संजय राउत ने कहा जब पानी और खून साथ नहीं बह सकते तो खून और क्रिकेट भी साथ-साथ नहीं चल सकते।”
पहलगाम हमले में 26 महिलाओं का सिंदूर मिटा, उनका दर्द और गुस्सा अभी भी ताजा है।
ऐसे समय पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना बेशर्मी और देशद्रोह है।
