Asian Games 2026 : गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, एक एशियन गेम्स में तीन पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बने
Asian Games 2026 : भारतीय लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में पदकों की हैट्रिक पूरी कर इतिहास रच दिया। मंगलवार को उन्होंने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ के फाइनल में 13 मिनट 32.75 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस पदक के साथ गुलवीर एक ही एशियन गेम्स में तीन पदक जीतने वाले भारत के चौथे एथलीट और दूसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
गुलवीर की इस उपलब्धि के साथ भारतीय एथलेटिक्स में करीब चार दशक बाद एक ही एशियन गेम्स में तीन पदक जीतने का कारनामा देखने को मिला है। उनसे पहले लैवी पिंटो, पी.टी. उषा और के.एम. बीनामोल एक ही संस्करण में तीन या उससे अधिक पदक जीत चुके हैं। पी.टी. उषा ने 1986 के एशियन गेम्स में कुल पांच पदक—चार स्वर्ण और एक रजत—जीते थे।
5000 मीटर में तीसरे स्थान पर रहे गुलवीर
5000 मीटर फाइनल में बहरीन के बिरहानु बाल्यू ने 13 मिनट 30.79 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। जापान के टोमोनोरी यामागुची ने 13 मिनट 31.43 सेकंड में रेस पूरी कर रजत पदक हासिल किया। गुलवीर 13:32.75 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
यह कांस्य पदक एशियन गेम्स 2026 में गुलवीर का तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की 10,000 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धाओं में रजत पदक जीते थे। 10,000 मीटर में उन्होंने 28:29.38 का समय दर्ज किया, जबकि 1500 मीटर में 3:36.72 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया था।
रफ्तार का दम, जज़्बे की जीत और भारत के नाम रजत! 🥈🇮🇳
— Rambhai Mokariya (@irammokariya) September 28, 2026
गुलवीर सिंह को पुरुष 1500 मीटर फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई।
आपकी यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का पल है! #AsianGames2026 #Cheer4Bharat pic.twitter.com/V97nA18eOa
तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में लगातार पदक
गुलवीर ने इस एशियन गेम्स में अलग-अलग दूरी की तीन स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी निरंतरता का परिचय दिया। 10,000 मीटर में रजत के बाद उन्होंने 1500 मीटर में भी रजत हासिल किया और अब 5000 मीटर में कांस्य जीतकर पदकों की हैट्रिक पूरी कर ली।
इससे पहले 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गुलवीर ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पुरुषों की 10,000 मीटर में रजत और 5000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। 5000 मीटर में उनका प्रदर्शन 13:24.95 रहा था। गुलवीर सिंह की एशियन गेम्स 2026 में यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए खास है। एक ही संस्करण में 1500 मीटर, 5000 मीटर और 10,000 मीटर जैसी अलग-अलग दूरी की स्पर्धाओं में तीन पदक जीतकर उन्होंने अपना नाम भारतीय एशियाई खेल इतिहास के चुनिंदा पदक विजेताओं में दर्ज करा लिया है।
