Asian Games 2026: पीएम मोदी ने पदक विजेताओं से की मुलाकात, महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

भारत ने एशियन गेम्स में जीते 85 पदक, महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रधानमंत्री ने की सराहना; हॉकी और क्रिकेट टीमों की उपलब्धियों का भी किया जिक्र

 
Asian Games 2026: पीएम मोदी ने पदक विजेताओं से की मुलाकात, महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अक्टूबर को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से मुलाकात की। जापान के आइची-नागोया में आयोजित खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक अपने नाम किए। इस दौरान भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम ने प्रधानमंत्री को अपनी जर्सी भेंट की।

भारत ने इस प्रतियोगिता में 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक जीते। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में मिली सफलता देश के बदलते मिजाज और युवा शक्ति की क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा हर ऊंचाई को छूने के लिए तैयार हैं और उनके सामर्थ्य के बाहर कोई लक्ष्य नहीं है।

आप सभी ने देश का मान बढ़ाया'

पदक विजेताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मिलना उनके लिए खास अवसर है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके जुनून, मेहनत तथा समर्पण की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच, सहयोगी स्टाफ और परिवारों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने तिरंगे की शान बढ़ाई है और उनकी उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं।मोदी ने एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीमों की सफलता का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने महिला हॉकी टीम की उपलब्धि को अहम बताते हुए कहा कि टीम ने लंबे इंतजार के बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। उन्होंने कबड्डी में भारतीय महिला और पुरुष टीमों के प्रदर्शन की भी सराहना की।

gyut

महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बताया नए भारत की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की खास तौर पर प्रशंसा की। उनके अनुसार, भारत के कुल 85 पदकों में महिला एथलीटों ने 38 पदक जीते, जिनमें 11 स्वर्ण पदक शामिल थे।

उन्होंने कहा कि ये पदक केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि नए भारत की ताकत और महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री ने एमएमए, सॉफ्ट टेनिस और सेलिंग जैसे खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।

खिलाड़ियों को दिलाया नए संकल्प का संदेश

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से खेलों में भारत की पहचान और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों के सामने कुछ संकल्प रखे, जिनमें हर मैदान पर तिरंगे का मान बढ़ाना, खेलों में भारत की नई पहचान बनाना, नए चैंपियन तैयार करना और नए रिकॉर्ड कायम करना शामिल था।

उन्होंने कहा कि सपने एक दिन में पूरे नहीं होते। उनके लिए वर्षों तक धैर्य, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रयास जारी रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब भारतीय खिलाड़ी पहले से अधिक खेलों में हिस्सा ले रहे हैं और पदक जीत रहे हैं।

महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने उन्हें अपनी जर्सी भेंट की। एशियन गेम्स में दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय हॉकी के लिए यादगार उपलब्धि हासिल की। महिला हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक मुकाबले में चीन को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ टीम ने लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी क्वालीफाई किया।

वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ पुरुष टीम ने भी 2028 ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की की। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने कई खेलों में देश की मौजूदगी को मजबूत किया। प्रधानमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात में खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संदेश भी दिया गया।

Tags